भारत सिंह की सम्पत्ति तीन गुना बढ़ी, सतीश ने दिखाया आय में घाटा

ग्वालियर। नामजदगी के पर्चे दाखिल करने के दूसरे दिन सोमवार को ग्वालियर जिले में दो उम्मीदवारों ने नाम-निर्देशन पत्र दाखिल किए। इसमें ग्वालियर ग्रामीण से भाजपा प्रत्याशी भारत सिंह और ग्वालियर पूर्व से कांग्रेस के उम्मीदवार सतीश सिकरवार ने अपना नामांकन दाखिल किया। जबकि तीन विधानसभाओं में अभी तक एक भी नामांकन दाखिल नहीं हुआ है। दोनों प्रत्याशियों ने जो शपथ पत्र प्रस्तुत किए है उनमें भारत सिंह कुशवाह की सम्पत्ति पिछले पांच वर्ष में तीन गुना बढ़ी है। जबकि सतीश सिकरवार की आय में कमी आई है। हालांकि प्रद्युम्न सिंह, माया सिंह, साहब सिंह गुर्जर, लाखन सिंह यादव सहित अन्य के नाम से फार्म लिए गए है।
भाजपा प्रत्याशी ग्राम दंगियापुरा निवासी भारत सिंह कुशवाह सुबह 11 बजे सांसद विवेक नारायण शेजवलकर के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचे और 11.35 पर ग्वालियर ग्रामीण के रिटर्निंग ऑफिसर बृजबिहारी लाल श्रीवास्तव को अपना नाम निर्देशन पत्र सौंपा। इसी तरह ललितपुर कॉलोनी ग्वालियर निवासी सतीश सिंह सिकरवार अपनी पत्नी महापौर शोभा सिकरवार व कांग्रेस शहर जिलाध्यक्ष देवेन्द्र शर्मा के साथ पहुंचे और दोपहर 2.22 मिनट पर अपनी नामजदगी का पर्चा दाखिल किया। उन्होंने ग्वालियर पूर्व के रिटर्निंग ऑफिसर विनोद सिंह को अपना नामांकन पत्र प्रस्तुत किया। इसके अलावा पूर्व में नामांकन दाखिले के पहले दिन विधानसभा 15 ग्वालियर में कम्यूनिस्ट पार्टी की ओर से मिताली शुक्ला अपना नामांकन दाखिल कर चुकी है। इस हिसाब से अभी तक जिले की तीन विधानसभागों में कुल तीन नामांकन दाखिल किए जा चुके हैं। जबकि विधानसभा ग्वालियर दक्षिण, भितरवार एवं डबरा में अभी तक नामांकन दाखिल करने का सिलसिला शुरू ही नहीं हो सका है।
प्रद्युम्न, माया सिंह, साहब सिंह, लाखन सिंह सहित अन्य ने लिए फार्म
नामांकन के लिए बचे पांच दिन शेष
निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार 30 अक्टूबर तक सार्वजनिक अवकाश के दिन छोडक़र नामांकन दाखिल किए जाएंगे। इसमें 24 व 29 अक्टूबर को नामांकन का सिलसिला बंद रहेगा। अभ्यर्थी अथवा उनके प्रस्तावक अब 25, 26, 27, 28 व 30 अक्टूबर को प्रात 11 बजे से अपरान्ह 3 बजे तक संबंधित रिटर्निंग अधिकारी अथवा सहायक रिटर्निंग अधिकारी को नामांकन प्रस्तुत कर सकेगें।
प्रस्तावक के साथ पुलिस की हुई नोंकझोक
कांग्रेस प्रत्याशी सिकरवार जब अपना नामांकन दाखिल करने के लिए रिटर्निंग कक्ष में पहुंचे तो उनके साथ प्रस्तावक भी थे। लेकिन एक प्रस्तावक को पुलिस ने बाहर ही रोक दिया। जिसको लेकर प्रस्तावक की नोकझोंक होने लगी। पुलिस का कहना था कि सिर्फ पांच ही प्रस्तावक कक्ष में जाएंगे। हालांकि बाद में पुलिस ने प्रस्तावक को अंदर जाने दिया।
पांच वर्ष में तीन गुना हुई भारत सिंह की सम्पत्ति
भारत सिंह द्वारा दिए गए शपथ पत्र के अनुसार पिछले पांच वर्ष में उनकी आय के साथ ही सम्पत्ति में तीन गुना वृद्धि हुर्ई है। वर्ष 2018 में दिए गए शपथ पत्र के अनुसार भारत सिंह के पास हाथ में नगदी 95 हजार थी, जो बढक़र 1 लाख 22 हजार 500 हो गई है। इसी तरह विभिन्न बैंक खातों में वर्ष 2018 में कुशवाह के पास 47 लाख 99 हजार 546 थे, जो बढक़र 1 करोड 26 लाख 99 हजार हो गई है। इतना ही नहीं चल अचल सम्पत्ति की बात करें तो पांच वर्ष पहले कुशवाह के पास 61 लाख 44 हजार 110 थी, जो बढक़र 1 करोड 48 लाख हो गई है। इसके अलावा भारत सिंह की पत्नी व आश्रितों की सम्पत्ति व आय में भी वृद्धि हुई है। पत्नी के बैंक खातों में पूर्व में 7 लाख 87 हजार थे, जो बढक़र 20 लाख 56 हजार हो गए। इसी तरह अचल सम्पत्ति 1 करोड़ 80 लाख थी, जो बढक़र 1 करोड़ 85 हजार हो गई है। इसके अलावा इनके पास 47 लाख 54 हजार का बैंक कर्ज भी बताया गया है।
पांच वर्ष में सतीश की आय 81 हजार घटी
डॉ. सिकरवार द्वारा दिए गए शपथ पत्र में पांच वर्ष के आयकर रिटर्न की जानकारी भी दी गई है। जिसमें बढ़े ही आश्चर्यजनक ढंग से पांच वर्ष में उनकी आय 81 हजार रुपए घट गई है। वर्ष 2018-19 में उन्होंने आयकर रिटर्न में आय 5.75 लाख बताई थी, जो 2022-23 में घटकर 4.94 लाख रह गई है। हालांकि इस बीच वर्ष 2020-21 में भी उनकी आय घटकर 2.75 लाख बताई गई है।
इसके अलावा डॉ. सिकरवार के हाथ में नगदी 80,500 है, जो वर्ष 2020 में 65 हजार 300 थी।
जबकि विभिन्न खातों में 42 लाख 46 हजार 544 है। जबकि पूर्व में उनके बैंक खातों में 33 लाख 13 हजार जमा थे। इसी तरह उनकी पत्नी महापौर शोभा सिकरवार के हाथ में नगदी 73, 700 है, जो पूर्व में 60 हजार 800 थे। इसके अलावा महापौर के विभिन्न खातों में 20 लाख 6 हजार 773 रुपए हैं, जो पूर्व में 28 लाख 88 थे। इस तरह उनके बैंक खातों में रकम कम हो गई है।
जबकि उनके बेटे के पास हाथ में नगदी 12 हजार 100 और खातों में 8 लाख 3 हजार 524 है। इसके अलावा सिकरवार के पास कुल अचल सम्पत्ति 48 लाख 500 हजार, जो पूर्व में 33 लाख 13 हजार थी। जबकि पत्नी के नाम पर 18 लाख 20 हजार की सम्पत्ति है, जो पूर्व में 16 लाख रुपए की थी।
दोनों ही नेताओं के पास वाहन हुए कम
वाहनों की बात करें तो दोनों नेताओं के पास ही वाहन घटे हैं। भाजपा के कुशवाह की बात करें तो पांच वर्ष पहले उनके पास दो स्कार्पियो गाड़ी थीं। जबकि इस बार दिए शपथ पत्र में उन्होंने वाहन न होने की बात कही है। इसी तरह डॉ. सिकरवार के पास तीन वर्ष पहले एक एक्टिवा व एक महिन्द्रा जीप थी, लेकिन अब उन्होंने अपने पास स्कार्पियो होने की बात बताई है।
33 ने लिए फार्म
जिले की तीन विधानसभा में भले ही नामांकन दाखिले का सिलसिला अभी तक शुरू नहीं हो सका है। लेकिन सभी छह विधानसभाओं में नामांकन दाखिल करने के लिए 33 फार्म लिए जा चुके हैं। इसमें ग्वालियर ग्रामीण में तीन, 15 ग्वालियर में आठ, ग्वालियर पूर्व में पांच, ग्वालियर दक्षिण में पांच, भितरवार में चार एवं विधानसभा डबरा में आठ फार्म जा चुके हैं।
