Home > राज्य > मध्यप्रदेश > ग्वालियर > मुख्यमंत्री की सभा और रोड शो के बाद कल पर्चा भरेंगे भारत सिंह

मुख्यमंत्री की सभा और रोड शो के बाद कल पर्चा भरेंगे भारत सिंह

मुख्यमंत्री की सभा और रोड शो के बाद कल पर्चा भरेंगे भारत सिंह
X

ग्वालियर। ग्वालियर लोकसभा क्षेत्र में चुनाव प्रचार तेजी से जारी है, वहीं 15 अप्रैल सोमवार को मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव मुरार में अग्रसेन चौराहा पर सभा लेंगे, फिर बारादरी चौराहा तक रोड शो करने के बाद भाजपा प्रत्याशी भारत सिंह कुशवाहा के साथ पर्चा दाखिल कराने जिलाधीश कार्यालय पहुंचेंगे। जबकि कांग्रेस प्रत्याशी प्रवीण पाठक इसके अगले दिन 16 अप्रैल को रोकडिय़ा हनुमान मंदिर पर पूजा अर्चना के बाद पर्चा भरने रवाना होंगे।

उल्लेखनीय है कि ग्वालियर में भाजपा प्रत्याशी भारत सिंह कुशवाहा का सीधा मुकाबला कांग्रेस के प्रवीण पाठक से है। चूंकि भाजपा प्रत्याशी की घोषणा काफी पहले हो गई थी इसलिए उनका प्रचार अभियान काफी आगे चल रहा है। इसकी तुलना में कांग्रेस प्रत्याशी की घोषणा में एक माह से अधिक का बिलंब हुआ जिससे उनका प्रचार अभियान अब गति पकड़ रहा है। प्रचार अभियान में भाजपा की अधिकांश गतिविधियां मोदी हाउस पर खुले

चुनाव कार्यालय से संचालित हो रही हैं, जबकि कुछ बैठकें मुखर्जी भवन पर भी हो रही है। भाजपा के चुनाव प्रचार की कमान संभागीय प्रभारी विजय दुबे ने संभाल रखी है। यहां के संयोजक वरिष्ठ नेता जय सिंह कुशवाह हैं, चुनाव कार्यालय की जिम्मेदारी जिला उपाध्यक्ष रामेश्वर भदौरिया संभाल रहे हैं। इसकी तुलना में कांग्रेस का केन्द्रीय चुनाव कार्यालय सचिन तेंदुलकर मार्ग पर खुला है जिसकी जिम्मेदारी वरिष्ठ नेता चंद्रमोहन नागौरी को दी गई है। लोकसभा प्रभारी राज्यसभा सदस्य अशोक सिंह व राष्ट्रीय सचिव शिव भाटिया हैं। कांग्रेस द्वारा विधानसभाओं में अलग-अलग कार्यालय खोले जा रहे हैं।जिला कांग्रेस अध्यक्ष डॉ देवेंद्र शर्मा द्वारा जिला संचालन समिति और ग्वालियर विधानसभा की प्रबंध समिति घोषित की जा चुकी हैं।

कल आएंगे मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव सोमवार को सुबह 10 बजे मुरार स्थिति अग्रसेन चौक पर भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में सभा लेकर रोड शो करेंगे। इस दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर, क्लस्टर प्रभारी भूपेन्द्र सिंह सहित अन्य वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहेंगे। श्री यादव नए जिलाधीश कार्यालय तक रैली के रूप में जाएंगे तत्पश्चात निर्धारित नेता पर्चा भरवाएंगे। भाजपा नेता मुख्यमंत्री के आगमन की तैयारियों में जुटे हुए हैं।

शाह या गडकरी लेंगे सभा

वैसे तो भाजपा द्वारा ग्वालियर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सभा कराए जाने के लिए केन्द्रीय नेतृत्व से आग्रह किया गया है। साथ ही केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह अथवा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा को भी बुलाया जा रहा है। इन दोनों नेताओं में से किसी एक नेता के आगमन की संभावना व्यक्त की जा रही है। जिससे भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह दौड़ेगा।

दक्षिण में सिंधिया का होगा रोड शो

गुना शिवपुरी से चुनाव लड़ रहे केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया भी ग्वालियर में प्रचार अभियान में जुटेंगे। उनका ग्वालियर दक्षिण में रोड शो कराया जाएगा। वैसे भी श्री सिंधिया ने विधानसभा चुनाव में ग्वालियर दक्षिण में काफी मेहनत की थी इसलिए पार्टी उन्हें इसी क्षेत्र में लाना चाहती है। कांग्रेस प्रत्याशी इसी क्षेत्र से आते हैं, इस दृष्टि से उनके दक्षिण में आने से चुनावी घमासान रोचक हो जाएगा।

Updated : 15 April 2024 2:08 PM GMT
Tags:    
author-thhumb

स्वदेश डेस्क

वेब डेस्क


Next Story
Top