Home > राज्य > मध्यप्रदेश > ग्वालियर > ग्वालियर में भारत सिंह 15 व प्रवीण पाठक 16 अप्रैल को भरेंगे नामांकन

ग्वालियर में भारत सिंह 15 व प्रवीण पाठक 16 अप्रैल को भरेंगे नामांकन

बढऩे लगी चुनावी सरगर्मियां, बसपा और आप को प्रत्याशी की तलाश

ग्वालियर में भारत सिंह 15 व प्रवीण पाठक 16 अप्रैल को भरेंगे नामांकन
X

ग्वालियर। ग्वालियर लोकसभा क्षेत्र में सीधा मुकाबला भाजपा के भारत सिंह कुशवाहा का कांग्रेस के प्रवीण पाठक से हो रहा है। अभी तक बसपा और आप ने प्रत्याशियों के नाम घोषित नहीं किए हैं। चर्चा है कि बसपा की ओर से किसी गुर्जर प्रत्याशी को उतारा जा सकता है। भारत सिंह कुशवाहा को प्रचार अभियान शुरू किए एक माह से अधिक हो गया है। उनके मुकाबले में आए प्रवीण पाठक ने सात अप्रैल से प्रचार शुरू किया है। इस लिहाज से कांग्रेस को आठों विधानसभा में जल्द पहुंचने की चुनौती है। वहीं नामांकन पत्र जमा करने का सिलसिला शुक्रवार से शुरू हो रहा है। भाजपा प्रत्याशी द्वारा 15 अप्रैल जबकि कांग्रेस प्रत्याशी 16 अप्रैल को पर्चा भरेंगे।

यहां बता दें कि भाजपा ने अपनी पहली सूची 2 मार्च को जारी की थी जिसमें पूर्व मंत्री भारत सिंह कुशवाहा को ग्वालियर लोकसभा से मैदान में उतारा। वहीं कांग्रेस में प्रत्याशी के लिए काफी उधेड़बुन के बाद छह अप्रैल को नाम घोषित किया गया। यानी कि भाजपा के पिछड़ा वर्ग के मुकाबले में कांग्रेस ने ब्राह्मण प्रत्याशी को टिकट देकर यह कार्ड खेला है। अब तक चले प्रचार अभियान में भाजपा के भारत सिंह कुशवाहा आठों विधानसभाओं में प्रचार कर चुके हैं। उनके पक्ष में मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव भी चार सभाएं ले चुके हैं। वहीं विधानसभा और मंडल स्तर पर कई बैठकें हो चुकी। कुशवाहा के लिए संभागीय प्रभारी विजय दुबे पूरी कमान संभाले हुए हैं। इसकी तुलना में प्रवीण पाठक के केंद्रीय चुनाव कार्यालय के उद्घाटन के अलावा विधानसभा स्तरीय बैठकें हुई है। राज्यसभा सदस्य अशोक सिंह ग्वालियर लोकसभा के प्रभारी हैं इस लिहाज से वह पाठक के सभी कार्यक्रमों में साथ हैं। राष्ट्रीय सचिव एवं प्रभारी शिव भाटिया भी गुरुवार को बैराड़, पोहरी व करैरा में साथ रहे।

मुख्यमंत्री कराएंगे पर्चा दाखिल

कुशवाहा के 15 अप्रैल को पर्चा दाखिल कराने मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर सहित अन्य वरिष्ठ नेता शामिल रहेंगे। इसी दिन वीरांगना लक्ष्मीबाई समाधि स्थल के सामने मैदान में सभा भी प्रस्तावित है।

कांग्रेस में गुटबाजी

पाठक के टिकट होने से पहले और बाद में जमकर गुटबाजी चल रही है। जिलाध्यक्ष डॉ देवेंद्र शर्मा के रुठने और संगठन को इस्तीफा देने की खबरों के बीच नए अध्यक्ष का नाम लेना शुरू हो गया है। बुधवार को ग्वालियर विधानसभा के कार्यकर्ता सम्मेलन में प्रवीण पाठक और वरिष्ठ नेता अशोक प्रेमी ने अपने संबोधन में सुनील शर्मा को अध्यक्ष बता दिया। वहीं इस बैठक से कार्यकारी अध्यक्ष महाराज सिंह पटेल, वीरेंद्र तोमर, नत्थू सिंह जादौन, राम सिंह चौहान, डॉ राकेश सिंह भदौरियांं, अख्तर हुसैन कुरैशी, अनूप तिवारी, इंद्रजीत चौहान नदारद रहे।दूसरी ओर अध्यक्ष के लिए महाराज सिंह पटेल, इब्राहिम पठान के नाम लिए जा रहे हैं।


Updated : 15 April 2024 2:11 PM GMT
Tags:    
author-thhumb

स्वदेश डेस्क

वेब डेस्क


Next Story
Top