Home > राज्य > मध्यप्रदेश > ग्वालियर > 90 वर्ष बाद पड़ा सदी का लंबा सूर्य ग्रहण, दिखाई दिया चांद जैसा

90 वर्ष बाद पड़ा सदी का लंबा सूर्य ग्रहण, दिखाई दिया चांद जैसा

लोग घरों में रहे कैद, जाप व भजन होते रहे

90 वर्ष बाद पड़ा सदी का लंबा सूर्य ग्रहण, दिखाई दिया चांद जैसा
X

ग्वालियर, न.सं.। खगोलीय घटना के अंतर्गत इस वर्ष का पहला सूर्य ग्रहण पूरे देश सहित शहर में रविवार को दिखाई दिया। रविवार को सुबह 10.20 बजे शुरू हुआ सूर्य ग्रहण मध्य होते-होते दोपहर 12.05 बजे चांद जैसा दिखाई देने लगा। ग्रहण के कारण आसमान में सूर्य की रोशनी भी काफी कम हो गई, जिससे सूर्य की तीखी किरणें कमजोर महसूस हुईं। लोग सुबह से ही घरों में कैद रहे और वे जाप व भजन करते रहे।

ज्योतिषाचार्य डॉ. जी.एम. हिंगे ने बताया कि 90 वर्ष (सदी) के बाद शहर में 03 घण्टे 32 मिनट की लंबी अवधि का सूर्य ग्रहण पड़ा है। जबकि अन्य जगहों पर इस ग्रहण की अवधि लगभग 05 घण्टे तक रही है। ज्योतिषाचार्य ने बताया कि इस ग्रहण का प्रभाव आगामी तीन माह तक देखने को मिलेगा। इसके बाद सब सामान्य हो जाएगा। ग्रहण के प्रभाव से भारत व चीन युद्ध और भूकंप आदि की घटना घटित हो सकती है।

16 घण्टे के बाद खुले मंदिरों के पट

सूर्य ग्रहण का सूतक शनिवार की रात 10.20 बजे लग गया था, जिससे मंदिरों के पट बंद हो गए थे। मंदिर के पट 16 घण्टे के बाद दोपहर 02 बजे के बाद खोले गए। इसके बाद पुजारियों ने मंदिर की साफ-सफाई करते हुए भगवान को स्नान व अभिषेक कराकर उनकी पूजा-अर्चना की। सुबह-सुबह होने वाली आरती दोपहर 2.30 बजे के बाद हुई। ग्रहण के दौरान शहरवासी घरों में ही कैद रहे और भगवान का स्मरण किया। मंदिर की तरह घरों में भी दोपहर 02 बजे के बाद भगवान का स्नान, पूजा-पाठ किया गया। इसके बाद लोगों ने भोजन ग्रहण किया। ज्योतिषाचार्य पं. सतीश सोनी ने बताया कि शहर में सूर्य ग्रहण 75 प्रतिशत ही घटित हुआ है।

घर की छतों से देखा ग्रहण

ज्योतिषाचार्यों ने कहा था कि जिन जातकों के लिए ग्रहण खराब है, वह न तो घर से बाहर निकले और न ही ग्रहण को देखें। वहीं शुभ राशि वालों ने अपने-अपने घर की छतों से सूर्य ग्रहण को काले चश्मों व एक्स-रे की फिल्म से देखा। कई लोगों ने बाल्टी में पानी भरकर सूर्य के प्रतिबिंब को देखा। कुछ लोग दुरबीन लेकर किले पर गए और ग्रहण को देखा।

सूर्य के कई प्रतिबिम्ब दिखाई दिए:

गरगज कॉलोनी में रहने वाले सत्येन्द्र शर्मा की पुत्री अनन्या जब ग्रहण काल के दौरान घर के आंगन में दोपहर के समय आई तो उसे चांद की आकृति में सूर्य के कई प्रतिबिंब आंगन में दिखाई दिए। इसे देखकर सभी आश्चर्यचकित हो उठे।

Updated : 22 Jun 2020 1:00 AM GMT
Tags:    
author-thhumb

स्वदेश डेस्क

वेब डेस्क


Next Story
Top