Home > राज्य > मध्यप्रदेश > भोपाल > मप्र में 6 नवंबर से जोर पकड़ेगी सर्दी, चार महीने पड़ेगी कड़ाके की ठंड

मप्र में 6 नवंबर से जोर पकड़ेगी सर्दी, चार महीने पड़ेगी कड़ाके की ठंड

मप्र में 6 नवंबर से जोर पकड़ेगी सर्दी, चार महीने पड़ेगी कड़ाके की ठंड
X

भोपाल। मौसम विभाग के अनुसार अगले एक हफ्ते में देश में दो पश्चिमी विक्षोभ दस्तक देने वाले हैं। इस वजह से 6 नवंबर से तापमान तेजी गिरना शुरू होगा और प्रदेश में अगले एक हफ्ते में सर्दी जोर पकड़ लेगी। खासतौर पर रात के तापमान में 11 से 17 डिग्री का अंतर आ जाएगा। मध्यप्रदेश में आसमान साफ रहने से रात से सुबह तक सर्दी महसूस होगी, लेकिन दोपहर का तापमान फिलहाल 30 से 35 डिग्री के बीच ही रहेगा।

मौसम विभाग के वैज्ञानिकों के अनुसार अगले चार महीने पहाड़ी राज्यों से मध्यभारत तक के राज्यों में कड़ाके की सर्दी पड़ सकती है। इस समय उत्तर, पश्चिम से लेकर मध्यभारत तक शुष्क पश्चिमोत्तर हवाएं चल रही हैं। मौसम का पहला पश्चिमी विक्षोभ 31 अक्टूबर को कश्मीर में दस्तक देगा। इससे 1 नवंबर को हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड तक हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है। दूसरा पश्चिमी विक्षोभ 3 नवंबर को आएगा। इसकी वजह से 5 नवंबर तक कश्मीर से हिमाचल और उत्तराखंड तक भारी बर्फबारी हो सकती है। उत्तर के पहाड़ों पर बर्फबारी के बाद ये हवाएं बर्फीले इलाकों से गुजरती हुई मध्यभारत तक ठंडक लेकर पहुंचेंगी। 6-7 नवंबर से पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान ही नहीं, बल्कि गुजरात, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, ओडिशा और तेलंगाना तक तापमान तेजी से गिरेगा।

फिलहाल राजधानी भोपाल में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री से ऊपर और दिन का तापमान 32 डिग्री के ऊपर चल रहा है। मौसम वैज्ञानिक प्रमेंद्र कुमार का कहना है कि मौसम शुष्क और आसमान साफ होने के कारण अभी दिन का तापमान ज्यादा है। साइक्लोन बनने की वजह से उत्तर से हवाएं नहीं आ पा रही हैं। 6 नवंबर के बाद ठंड बढ़ना शुरू होगी।

Updated : 1 Nov 2022 5:01 PM GMT
Tags:    
author-thhumb

स्वदेश डेस्क

वेब डेस्क


Next Story
Top