Home > राज्य > मध्यप्रदेश > भोपाल > केंद्रीय मंत्री एलमुरुगन ने राज्यसभा के लिए भरा नामांकन, मुख्यमंत्री ने दी बधाई

केंद्रीय मंत्री एलमुरुगन ने राज्यसभा के लिए भरा नामांकन, मुख्यमंत्री ने दी बधाई

केंद्रीय मंत्री एलमुरुगन ने राज्यसभा के लिए भरा नामांकन, मुख्यमंत्री ने दी बधाई
X

भोपाल। केंद्रीय सूचना प्रसारण राज्य मंत्री एल. मुरुगन ने मंगलवार को राजधानी भोपाल पहुंचकर मध्यप्रदेश से राज्यसभा की एक सीट पर होने जा रहे उपचुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उम्मीदवार के रूप में नामांकन पत्र दाखिल किया। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने केन्द्रीय मंत्री मुरुगन को नामांकन दाखिल करने पर शुभकामनाएं दी हैं, वहीं मप्र से उन्हें राज्यसभा उम्मीदवार बनाए जाने पर पार्टी हाईकमान का आभार व्यक्त किया है।

मुख्यमंत्री चौहान ने ट्वीट के माध्यम से कहा है कि मध्यप्रदेश से राज्यसभा सीट के लिए नामांकन दाखिल करने पर एल. मुरुगन जी को शुभकामनाएं! पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा एवं केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह जी के हम आभारी हैं कि उन्होंने मुरुगन के रूप में अत्यंत सुयोग्य व समर्पित कार्यकर्ता को मप्र से राज्यसभा में भेजने का फैसला किया।

तमिलनाडु में भाजपा संगठन को मजबूत किया -

उन्होंने कहा कि संगठनात्मक दृष्टि से तमिलनाडु में भाजपा संगठन के विस्तार में मुरुगन की बहुत महत्वपूर्ण भूमिका रही है। प्रदेश अध्यक्ष के नाते भी उन्होंने वहां काम किया है। प्रदेश का इस नाते भी सौभाग्य कि एक केंद्रीय मंत्री और एल. मुरुगन के रूप में मिला है। निश्चित तौर पर प्रदेश के विकास में और यहां की जनता के कल्याण में एल मुरुगन बहुत अहम भूमिका का निर्वहन करेंगे। मैं मध्यप्रदेश में उनका स्वागत करता हूं और केंद्रीय नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हैं।

केंद्रीय नेतृत्व को धन्यवाद -

इस मौके पर केन्द्रीय मंत्री मुरुगन ने मीडिया से बातचीत करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व को धन्यवाद दिया। उन्होंने मुख्यमंत्री चौहान, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा और पार्टी नेताओं-कार्यकर्ताओं को धन्यवाद देते हुए कहा कि उन्होंने उनके भोपाल पहुंचने पर काफी स्नेह और सम्मान दिया।

उल्लेखनीय है कि मप्र से भाजपा के वरिष्ठ नेता थावरचंद गहलोत ने 07 जुलाई को राज्यसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। इस वजह से मप्र से राज्यसभा की एक सीट रिक्त हुई है। इस रिक्त हुई सीट के लिए अब उपचुनाव हो रहा है। इस उपचुनाव में भाजपा उम्मीदवार का निर्विरोध चुना जाना तय है, क्योंकि मुख्य विपक्षी पार्टी कांग्रेस ने उम्मीदवार नहीं उतारने का निर्णय लिया है। उनके निर्विरोध राज्यसभा पहुंचने की घोषणा नाम वापसी की तिथि 27 सितम्बर को की जा सकती है।

निर्विविरोध चुनना तय -

बता दें कि मप्र की 230 सदस्यीय विधानसभा में वर्तमान में सत्तारूढ़ दल भाजपा के सबसे अधिक 125 विधायक हैं। कांग्रेस सदस्यों की संख्या 95, बहुजन समाज पार्टी के 02, समाजवादी पार्टी का 01 और 04 सदस्य निर्दलीय हैं। इसके अलाव तीन स्थान रिक्त हैं। इस लिहाज से उपचुनाव में यह सीट भाजपा के खाते में जाना तय है। इसीलिए कांग्रेस ने उपचुनाव में अपना उम्मीदवार नहीं उतारने का निर्णय लिया।

Updated : 12 Oct 2021 10:31 AM GMT
Tags:    
author-thhumb

स्वदेश डेस्क

वेब डेस्क


Next Story
Top