Union Budget 2026: MP के CM से लेकर केंद्रीय मंत्रियों और विपक्ष की बड़ी प्रतिक्रियाएं

भोपालः केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने रविवार,1 फरवरी को केंद्रीय बजट पेश किया है। फाइनेंस मिनिस्टर ने लगातार नौवां केंद्रीय बजट पेश किया। इस बजट पेश करते हुए उन्होंने साफ संकेत दिए कि सरकार की प्राथमिकता तात्कालिक लोकलुभावन फैसलों से आगे बढ़कर दीर्घकालिक विकास, आर्थिक स्थिरता और संरचनात्मक सुधारों पर केंद्रित है। सरकार आने वाले वर्षों में तेज़ विकास के साथ स्थिरता बनाए रखने के रास्ते पर आगे बढ़ेगी।
बता दें कि बजट 2026 को युवा शक्ति आधारित बताया गया है। इसमें गरीब वर्ग के कल्याण, उत्पादकता बढ़ाने और सुधारों की निरंतरता पर विशेष ज़ोर दिया गया है। इस बजट को लेकर मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव सहित कई केंद्रीय और राज्य मंत्रियों ने अपनी-अपनी प्रतिक्रियाएं दी हैं। वहीं कांग्रेस नेताओं के भी बयान सामने आए हैं।
बजट में आर्थिक विकास को प्राथमिकता
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि बजट 2026 में गरीबों, युवाओं, किसानों और महिलाओं के हितों को केंद्र में रखा गया है। बजट की दिशा और लक्ष्य भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की ओर अग्रसर करता है। उन्होंने कहा कि आर्थिक विकास को प्राथमिकता दी गई है और भारत को वैश्विक मैन्युफैक्चरिंग हब बनाने के लिए भी पर्याप्त प्रावधान किए गए हैं।
आत्मनिर्भर भारत का बजट
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बजट 2026 को ‘विकसित और आत्मनिर्भर भारत का बजट’ बताया। उन्होंने संक्षिप्त प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह बजट विकसित भारत की नींव को मजबूत करता है।
जनता को समर्पित बजट- डिप्टी सीएम
डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा ने बजट की सराहना करते हुए कहा कि यह जनता को समर्पित बजट है और आम लोगों के हितों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को बधाई दी। विपक्ष द्वारा किसानों के लिए कुछ न होने के आरोप पर उन्होंने कहा कि यह एक बड़ा और बेहतर बजट है, विपक्ष इसी वजह से भ्रम फैला रहा है।
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य ने बताया प्रोगेसिव बजट
केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने बजट 2026 को प्रोग्रेसिव बजट करार दिया। उन्होंने कहा कि यह बजट भारतीय अर्थव्यवस्था के हर सेक्टर पर फोकस करता है और हर नागरिक के लिए लाभकारी है। खासतौर पर टेलीकॉम सेक्टर को इस बजट में मजबूत बढ़ावा मिला है। साथ ही नॉर्थ ईस्ट क्षेत्र के लिए संस्थानों और जलमार्गों को लेकर विशेष आवंटन किया गया है। उन्होंने इसे ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ वाला बजट बताया।
बजट से एमपी को कुछ नहीं मिला
बजट आने के बाद एमपी कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि इस बजट से मध्य प्रदेश में इसके हिस्से कुछ नहीं लगा। 14 साल पहले देश को रोजगार, स्वास्थ्य, शिक्षा और शहरी विकास को लेकर जो सब्जबाग दिखाए उसके हालात खराब होते जा रहे हैं।
