भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव बीच आया कृषि मंत्री का बयान: "जवान सीमा पर, किसान खेतों में; देश के अन्न भंडार पूरी तरह सुरक्षित” - शिवराज सिंह चौहान

जवान सीमा पर, किसान खेतों में; देश के अन्न भंडार पूरी तरह सुरक्षित” - शिवराज सिंह चौहान
X

नई दिल्ली: भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के बीच केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने राष्ट्र को भरोसा दिलाया है कि देश की खाद्य सुरक्षा पूरी तरह सुरक्षित है। शुक्रवार को अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक के बाद उन्होंने कहा, "हमारे गोदाम गेहूं, चावल और अन्य अनाज से भरे हुए हैं। देशवासियों को घबराने की कोई जरूरत नहीं है।"

कृषि मंत्री ने दो टूक कहा कि भारत की सैन्य कार्रवाई आतंकियों के खिलाफ है, आम नागरिकों के खिलाफ नहीं। उन्होंने जोर देकर कहा, "हम आतंकियों को नहीं छोड़ेंगे। हमारी सेना सीमाओं की रक्षा कर रही है और हमारे वैज्ञानिक और किसान खेतों में उत्पादन बढ़ा रहे हैं।"

शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि देश में इस वर्ष बंपर फसल उत्पादन हुआ है और आने वाली फसलों के लिए भी परिस्थितियाँ अनुकूल हैं। उन्होंने कहा कि भारत किसी भी आपात स्थिति के लिए पूरी तरह तैयार है और हर स्तर पर आपूर्ति श्रृंखला मजबूत बनी हुई है।

उन्होंने आगे कहा, "देश के नागरिक पूरी तरह निश्चिंत रहें। हम सक्षम हैं, सजग हैं और संकल्पित हैं। सीमाओं पर हमारे जवान तैयार हैं और खेतों में हमारे किसान मेहनत कर रहे हैं। यह नए भारत की तस्वीर है।"

इस बयान के बाद स्पष्ट है कि भारत न केवल सुरक्षा मोर्चे पर बल्कि आर्थिक और खाद्य सुरक्षा के स्तर पर भी पूरी तरह आत्मनिर्भर और तैयार है।

Tags

Next Story