जबलपुर में दर्दनाक हादसा: ओवरब्रिज से कार पर गिरा हाईवा, ट्रक ड्राइवर की मौत, 5 घायल

जबलपुरः मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मंगलवार के दिन भोपाल-जबलपुर नेशनल हाईवे 45 पर ओवरब्रिज के सर्विस रोड पर चल रही कार पर ब्रिज से हाईवा गिर गया। दर्दनाक हादसे में हाईवा चालक की मौत हो गई। जबकि कार में सवार 5 लोग घायल हैं। उनको हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। कार सवार परिवार भोपाल से रीवा जा रहा था।
दरअसल, घटना शाहपुरा थाना क्षेत्र में बने ओवरब्रिज की है। बताया जा रहा है कि रेत से भरा हाईवा ओवरब्रिज से गुजरते समय असंतुलित हो गया और पलटते हुए सीधे नीचे सर्विस रोड से गुजर रही कार पर जा गिरा। हादसा इतना डरावना था कि कार की बॉडी बुरी तरह दब गई और उसमें सवार लोग फंस गए।
पुलिस ने रेस्क्यू कर बचाई जान
हादसे की जानकारी मिलते ही शाहपुरा पुलिस मौके पर पहुंची। उन्होंने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू करते हुए कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला। साथ ही साथ सभी घायलों को तुरंत एंबुलेंस के जरिए पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया।
शादी में शामिल होने जा रहा था परिवार
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार हादसे में घायल 5 लोग शुक्ला परिवार के बताए जा रहे हैं। वे भोपाल से शादी समारोह में शामिल होने के लिए रीवा जा रहे थे। हादसे में कुछ घंटे पहले ही परिवार ने मंदिर में प्रसाद चढ़ाया था।
पुलिस ने घायलों को हॉस्पिटल पहुंचाने के साथ ही चालक के शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। साथ ही हादसे की वजह जानने के लिए पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
