चिकित्सा शिक्षा संचालनालय में अतिरिक्त संचालक और उप संचालक समेत 243 पदों पर होगी पदस्थापना

कालेजों की संख्या बढऩे की वजह से सृजित किए जा रहे नए पद
राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारी भी होंगे पदस्थ
भोपाल/वेब डेस्क। चिकित्सा शिक्षा संचालनालय (डीएमई) में अतिरिक्त संचालक, संयुक्त संचालक समेत 243 अधिकारी-कर्मचारियों की पदस्थापना की जाएगी। इसके लिए पद सृजित करने की प्रक्रिया चल रही है। इसका बड़ा लाभ यह होगा कि डाक्टरों की भर्ती, काउंसलिंग समेत विभिन्न कार्यों में तेजी आएगी। दरअसल, प्रदेश में मेडिकल कालेजों की संख्या बढ़ रही है। आने वाले वर्षों में 12 नए कालेज खुलेंगे। इनकी स्वीकृति मिल चुकी है। जरूरत के अनुसार डीएमई में स्टाफ नहीं बढ़ा है, जिससे दिक्कत आ रही है। उप संचालक स्तर पर कुछ प्रशासनिक अधिकारियों की पदस्थापना भी की जाएगी। बता दें कि स्वास्थ्य विभाग ने इस तरह के प्रबंधकीय पदों के लिए स्वास्थ्य सेवा प्रबंधन संवर्ग बनाया है।
2015 में सिर्फ 6 मेडिकल कॉलेज थे :
वर्ष 2015 के पहले तक प्रदेश में सिर्फ छह मेडिकल कालेज थे। इसके बाद सात और कालेज खोले गए। इस तरह अभी 13 कालेज संचालित हो रहे हैं। आगामी पांच वर्षों में 12 मेडिकल कालेज और खुलने जा रहे हैं। इसके अलावा सार्वजनिक निजी भागीदारी (पीपीपी) से पांच जिलों में पांच मेडिकल कालेज खोलने की योजना है। इन सभी की व्यवस्थाओं और निगरानी के लिए छोटे-बड़े अधिकारी-कर्मचारियों की आवश्यकता है। इसमें विधि, सूचना प्रौद्योगिकी, वित्त जैसे तकनीकी विषयों के लिए अलग से उप संचालक और सहायक संचालक भी होंगे।
इस तरह होगी चिकित्सा शिक्षा संचालनालय की संगठनात्मक व्यवस्था
- आयुक्त - एक (आइएएस)
- संचालक- एक (चिकित्सा शिक्षा से)
- अतिरिक्त संचालक- चार पद (एक राज्य वित्त सेवा, दो राज्य प्रशासनिक सेवा और एक चिकित्सा शिक्षा से)
- संचालक प्रोजेक्ट- एक पद (सिविल इंजीनियर)
- संयुक्त संचालक- तीन (चिकित्सा शिक्षा विभाग से प्रतिनियुक्ति पर)
- उप संचालक- चार (चिकित्सा शिक्षा विभाग से प्रतिनियुक्ति पर)
- सहायक संचालक- आठ (चिकित्सा शिक्षा विभाग से प्रतिनियुक्ति और राज्य प्रशासनिक सेवा से )
इनका कहना है
कालेजों की संख्या बढ़ रही है। ऐसे में व्यवस्थाओं के सुचारू संचालन के लिए अमले को बढ़ाने की आवश्यकता है। इन पदों के भरे जाने के बाद कालेज से लेकर संचालनालय स्तर तक कार्यों में और तेजी आएगी।
- विश्वास सारंग, चिकित्सा शिक्षा मंत्री, मप्र
