मप्र के कई जिलों में दीपावली पर हो सकती है बारिश, बंगाल की खाड़ी में एक्टिव हुआ सिस्टम

भोपाल। दशहरे के बाद अब दीपावली का त्योहार भी भीग सकता है। बंगाल की खाड़ी में एक सिस्टम एक्टिव हो गया है। यह सिस्टम दीपावली पर मध्यप्रदेश के कई जिलों को भिगो सकता है। खासकर जबलपुर, शहडोल, रीवा और सागर संभाग में हल्की बारिश का अलर्ट है।
राजधानी स्थित मौसम केंद्र के वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक एचएस पांडे ने बताया कि 21 अक्टूबर से बंगाल की खाड़ी में नया चक्रवाती सिस्टम एक्टिव हुआ है। इसका प्रभाव छत्तीसगढ़ और पूर्वी मध्यप्रदेश में पड़ सकता है। यह सिस्टम 25 अक्टूबर तक एक्टिव रहेगा। इससे शहडोल, जबलपुर, रीवा और सागर संभाग में हल्की बारिश हो सकती है।
इधर, मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो भोपाल में भी दीपावली बादलों के बीच मन सकती है, जबकि इंदौर, उज्जैन और ग्वालियर में मौसम साफ रहेगा। बाकी शहरों में बादल छाए रहेंगे। मौसम वैज्ञानिक पांडे के अनुसार प्रदेश से मुख्य मानसून की विदाई हो चुकी है। 25 अक्टूबर तक पोस्ट मानसून एक्टिव रहेगा, हालांकि, उसका असर पूरे प्रदेश पर नहीं रहेगा।
