Home > राज्य > मध्यप्रदेश > भोपाल > राहुल गांधी ने अग्निवीर को लेकर दिया विवादित बयान, गृहमंत्री मिश्रा ने पूछा- सेना से इतनी नफरत क्यों ?

राहुल गांधी ने अग्निवीर को लेकर दिया विवादित बयान, गृहमंत्री मिश्रा ने पूछा- सेना से इतनी नफरत क्यों ?

राहुल गांधी ने अग्निवीर को लेकर दिया विवादित बयान, गृहमंत्री मिश्रा ने पूछा- सेना से इतनी नफरत क्यों ?
X

भोपाल। राहुल गांधी की अग्निवीर सैनिकों पर की गई अपमानजनक टिप्पणी पर मध्य प्रदेश के गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि सेना का अपमान करना राहुल गांधी का स्वभाव है। अग्निवीरों पर राहुल गांधी का बयान पीड़ादायक है। सेना का मनोबल गिराने का काम कांग्रेस और राहुल गांधी लगातार कर रहे हैं। राहुल बाबा बताएं कि आखिर उन्हें सेना से इतनी नफरत क्यों है?

गृह मंत्री डॉ. मिश्रा ने शुक्रवार को मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि एक ओर राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा निकाल रहे हैं तो दूसरी ओर कमलनाथ अपनी ही पार्टी के वरिष्ठ नेताओं का अपमान कर रहे हैं। पहले निमाड़ में अरुण यादव और अब विंध्य के सतना में कांग्रेस पार्टी के कार्यक्रम में वरिष्ठ नेता अजय सिंह को नहीं बुलाकर उनका अपमान किया है। टुकड़े-टुकड़े गैंग की समर्थक कांग्रेस हमेशा से जातिगत राजनीति करके सांप्रदायिकता के आधार पर देश को बांटने की कोशिश में लगी रहती है।

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी का अग्निवीरों को चार साल बाद जूते मारकर निकाल देने वाला बयान पीड़ा पहुंचाने वाला तो है ही, देश के सैनिकों का अपमान भी है। राहुल गांधी हों या कांग्रेस के अन्य नेता, सेना का अपमान, राष्ट्रभक्तों का अपमान उनके स्वभाव में है। सेना के शौर्य सर्जिकल स्ट्राइक को फर्जीकल स्ट्राइक कहने वाले यही राहुल बाबा और कांग्रेसी थे। सेना के एयर स्ट्राइक पर सवाल उठाने वाले भी यही लोग थे। चीन की सेना हमारे जवानों को पीट रहे हैं, कह कर हमारे वीर सैनिकों को अपमानित करने वाले भी यही राहुल बाबा थे और अब अग्निवीर सैनिकों को जूते मार कर निकाल देने वाली जैसी भाषा बोलने वाले भी यही राहुल गांधी है। उन्हें यही आज तक समझ नहीं आया कि राहुल जी और कांग्रेसियों को देश की सेना से इतनी नफरत क्यों है और सेना को बलात्कारी कहने वाले कन्हैया कुमार जैसे लोग इन्हें इतने प्रिय क्यों हैं। उन्हें स्पष्ट करना चाहिए कि उन्हें सेना से नफरत क्यों है?

गृह मंत्री डॉ. मिश्रा ने कहा कि राहुल जी आप जिस सेना को अपमानित करने का लगातार प्रयास कर रहे हैं, उसी सेना की बदौलत आप, हम और यह देश सब सुरक्षित है। जहां सीमा पर माइनस डिग्री तापमान में इंसान की हड्डियां तक गलने लगती हैं, वहां खड़े रहकर हमारे जवान देश की रक्षा करते हैं। लेकिन आप हो या कांग्रेस के अन्य नेता, इसी सेना को अपमानित करने में लगे रहते हैं। आपको और कांग्रेस को यह समझ लेना चाहिए कि देश कभी भी अपने सैनिकों का अपमान सहन नहीं करेगा। जनता आपसे सेना से नफरत का जवाब मांगेगी और आपको जवाब भी देना होगा।

कांग्रेस के 'हाथ जोड़ो अभियान' पर कसा तंज

डॉ. मिश्रा ने राहुल गांधी की 'भारत जोड़ो यात्रा' के बाद कांग्रेस पार्टी के आगामी 26 जनवरी से शुरू होने वाले 'हाथ जोड़ो अभियान' शुरू करने को लेकर तंज कसा है। उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि ये (कमलनाथ) सब नेताओं से हाथ जोड़ते चले जा रहे हैं। जब निमाड़ में राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा पहुंची तो कमलनाथ जी ने अरुण यादव से हाथ जोड़ लिए और मेरी जानकारी में तो यह है कि विंध्य में आयोजित सम्मेलन में अजय सिंह को बुलाया ही नहीं गया। आखिर वह (कमलनाथ) कैसे हाथ जोड़ रहे, यह समझ से परे है। एक तरफ राहुल बाबा भारत जोड़ो यात्रा निकाल रहे हैं और कमलनाथ जी अपमान यात्रा पर चल रहे हैं।

Updated : 6 Jan 2023 1:55 PM GMT
Tags:    
author-thhumb

स्वदेश डेस्क

वेब डेस्क


Next Story
Top