Home > राज्य > मध्यप्रदेश > भोपाल > प्रधानमंत्री ने मप्र के दो आईएएस अधिकारियों को किया सम्मानित

प्रधानमंत्री ने मप्र के दो आईएएस अधिकारियों को किया सम्मानित

राष्ट्रीय सिविल सेवा दिवस पर भव्या मित्तल व अनुराग जैन को मिला पुरस्कार

प्रधानमंत्री ने मप्र के दो आईएएस अधिकारियों को किया सम्मानित
X

नई दिल्ली/भोपाल। राष्ट्रीय सिविल सेवा दिवस पर विज्ञान भवन नई दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आईएएस अफसर अनुराग जैन और भव्या मित्तल को उनकी उल्लेखनीय सेवाओं के लिए सम्मानित किया। बुरहानपुर की कलेक्टर भव्या मित्तल को जल जीवन मिशन में बेहतर कार्य करने पर अवार्ड से नवाजा गया। वहीं केंद्र में प्रतिनियुक्त पर पदस्थ सीनियर आईएएस अनुराग जैन को पीएम गति शक्ति में उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान दोनों ही अधिकारियों के बेहतर कार्यों का प्रेजेंटेशन भी दिखाया गया।

बुरहानपुर में कलेक्टर भव्या मित्तल ने हर घर में जल के जरिए पेयजल उपलब्ध कराने में उत्कृष्ट काम किया। जिले के हर सरकारी स्कूल में पेयजल की व्यवस्था है। इसके अलावा यह देश का पहला जिला है, जहां हर घर में नल के जरिए पेयजल पहुंचाया गया। वर्तमान स्थिति को जानने के लिए बुरहानपुर में केंद्रीय जल शक्ति मंत्रालय की टीम ने निरीक्षण भी किया था।राज्य की रिपोर्ट के आधार पर 12 जिलों में निरीक्षण के बाद केंद्रीय रिपोर्ट में बुरहानपुर को पहला स्थान दिया था। आईएएस भव्या मित्तल ने योजना संचालन के लिए बुरहानपुर में मासिक शुक्ल की व्यवस्था की। महिला सशक्तिकरण की दिशा में अमल करते हुए कलेक्टर भव्या ने योजना संचालन में अहम जिम्मेदारी महिला स्व-सहायता समूहों को भी दी। बुरहानपुर जिले की 167 ग्राम पंचायतों के 254 गांवों के एक लाख से ज्यादा परिवारों योजना के तहत पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है।


वही कोविड-19 वैक्सीन एवं पीएम गति शक्ति में कार्यों को लेकर 1989 बैच के सीनियर आईएएस अफसर अनुराग जैन को भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सम्मानित किया। केंद्र में प्रतिनियुक्त पर पदस्थ उद्योग संवर्धन एवं आंतरिक व्यापार विभाग (डीपीआईआईटी) के सचिव पद पर रहते हुए पीएम गति शक्ति प्रोजेक्ट में भी जैन ने उत्कृष्ट काम किया। प्रेजेंटेशन में बताया कि प्रोजेक्ट के 2047 तक आंतरिक व्यापार को बढ़ावा देने के लिए इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट के लिए कई नवाचार किए। पीएम गति शक्ति मास्टर प्लान को गढऩे में भी जैन को पीएम मोदी ने सम्मानित किया। बता दें कि गुरुवार को कार्मिक मंत्रालय ने आदेश जारी कर जैन को सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय सचिव की जिम्मेदारी दी है।

Updated : 13 April 2024 12:50 PM GMT
Tags:    
author-thhumb

स्वदेश डेस्क

वेब डेस्क


Next Story
Top