Home > राज्य > मध्यप्रदेश > भोपाल > अरविंद जी बहुत जल्दी चले गए, पर हमारी स्मृति में हमेशा जीवित रहेंगे

अरविंद जी बहुत जल्दी चले गए, पर हमारी स्मृति में हमेशा जीवित रहेंगे

स्व. अरविंद कोठेकर जी को पार्टीजनों ने अर्पित की भावभीनी श्रद्धांजलि

अरविंद जी बहुत जल्दी चले गए, पर हमारी स्मृति में हमेशा जीवित रहेंगे
X

भोपाल। एक न एक दिन सभी को जाना है, लेकिन अरविंद जी बहुत जल्दी चले गए। अभी बहुत काम बाकी थे। स्व. अरविंद जी भले ही अब हमारे बीच न हों, लेकिन वे एक सहज, सरल, उत्साही व्यक्ति, एक सहयोगी, मार्गदर्शक, कुशल संगठक और समर्पित कार्यकर्ता के रूप में हमारी स्मृति में हमेशा जीवित रहेंगे। यह बात मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान, प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के बौद्विक प्रमुख श्री विलास जी गोले ने प्रदेश कार्यालय में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में भाजपा के पूर्व संभागीय संगठन मंत्री, पूर्व प्रचारक एवं प्रशिक्षण विभाग के प्रदेश संयोजक रहे स्व. अरविंद कोठेकर जी को श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए कही। उन्होंने हजारों कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित किया, कई स्वयंसेवक गढ़ेः शिवराजसिंह चौहान

स्व. कोठेकर जी की स्मृतियों को साझा करते हुए मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान ने कहा कि जब मैं भोपाल में विद्यार्थी परिषद का नगर संगठन मंत्री बना, तब अरविंद जी के संपर्क में आया। बाद में जब अरविंद जी विदिशा के जिला प्रचारक रहे, तब भी उनके साथ काम करने का अवसर मिला। श्री चौहान ने कहा कि अपने जीवन के अंतिम समय तक स्व. कोठेकर जी कर्मरत रहे। उन्होंने हजारों कार्यकर्ताओं को वैचारिक रूप से प्रशिक्षित किया, संस्कारित किया। प्रचारक के रूप में उन्होंने कई स्वयंसेवक गढ़े। संगठन मंत्री के रूप में उन्होंने पार्टी संगठन को खड़ा करने में योगदान दिया। श्री चौहान ने कहा कि स्व. अरविंद जी ने जो भी काम मिला उसे पूरी तन्मयता से किया। हर जिम्मेदारी को निभाया और अपने परिश्रम तथा प्रमाणिकता के साथ खुद को सिद्ध किया। काम चाहे संगठन के आह्वान पर गेहूं एकत्र करने का रहा हो, या कोई और काम स्व. कोठेकर जी पूरी सहजता, सरलता और उत्साह के साथ करते थे। जब तक सफलता न मिल जाए, वो चैन नहीं लेते थे और सबसे बड़ी बात यह कि एक सात्विक कार्यकर्ता की तरह वे सफलता-असफलता को समभाव से लेते थे, पूरे धैर्य से परिस्थितियों का सामना करते थे। श्री चौहान ने कहा कि अरविंद जी बहुत जल्दी चले गए, लेकिन वे हमारी स्मृतियों में हमेशा रहेंगे। मैं उन्हें अपनी ओर से, प्रदेश की जनता की ओर से श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। ईश्वर उन्हें श्रीचरणों में स्थान दे और उनके परिजनों, साथियों, कार्यकर्ताओं को यह गहन दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करे।

कार्यकर्ताओं के लिए पाठशाला थे स्व. कोठेकर जीः विष्णुदत्त शर्मा

प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने स्व. अरविन्द कोठेकर का पुण्य स्मरण करते हुए कहा कि आदरणीय अरविन्द जी संगठनात्मक क्षमता के धनी थे, संगठन प्रिय थे। वे व्यक्तित्व और कृतित्व से कार्यकर्ताओं के लिए पाठशाला थे। श्री शर्मा ने स्व. कोठेकर से जुडे संस्मरण सुनाते हुए कहा कि विद्यार्थी परिषद के संगठन मंत्री के रूप में काम करते हुए स्व. कोठेकर जी से मेरा संपर्क हुआ। उसके बाद भारतीय जनता पार्टी में काम किया, तब उनसे हमेशा सीखने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि स्व. कोठेकर जी दृढ़ निश्चयी और स्पष्टवादिता के धनी थे। उनसे यही बात हमेशा सीखने को मिलती थी। स्व. अरविन्द कोठेकर जी ने संगठन मंत्री के रूप में और प्रशिक्षण प्रकोष्ठ के संयोजक के रूप में जो काम किया है वह भाजपा के कार्यकर्ताओं के लिए हमेशा स्मरणीय है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता उनके किए गए कार्यो को आगे बढाए, यही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि है।

सरल, सहज संवाद करते थे स्व. कोठेकर जी : विलास जी गोले

स्व. कोठेकर जी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के बौद्विक प्रमुख श्री विलास जी गोले ने कहा कि आपातकाल के दौरान उन्होंने लोकतंत्र को बचाने के लिए जेल यात्रा की। संघ के लिए स्वयंसेवक गढ़ने का कार्य किया। उन्होंने अपनी चैतन्यता और कर्मठता से प्रशिक्षण के माध्यम से नये कार्यकर्ताओं का प्रशिक्षित किया ताकि वो राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका का निर्वहन कर सकें। स्व. कोठेकर जी सरल सहज रूप से कार्यकर्ताओं से संवाद करते थे और संगठन एवं राष्ट्र निर्माण में एक कार्यकर्ता की क्या भूमिका हो, इस पर प्रशिक्षण के माध्यम से विशेष बल देते थे। उनका अचानक जाना संगठन के लिए अपूरणीय क्षति है। विपरीत परिस्थितियों में संघ का कार्य कर उन्होंने जो उदाहरण पेश किया है, उसे हर कार्यकर्ता को अपने जीवन में उतारने का संकल्प लेना चाहिए। कार्यक्रम का संचालन प्रदेश महामंत्री श्री भगवानदास सबनानी ने किया।



Updated : 12 Oct 2021 11:16 AM GMT
Tags:    
author-thhumb

स्वदेश डेस्क

वेब डेस्क


Next Story
Top