Home > राज्य > मध्यप्रदेश > भोपाल > मप्र में लागू होगा ऑनलाइन गेमिंग एक्ट, कंपनियों पर कसेगा शिकंजा

मप्र में लागू होगा ऑनलाइन गेमिंग एक्ट, कंपनियों पर कसेगा शिकंजा

मप्र में लागू होगा ऑनलाइन गेमिंग एक्ट, कंपनियों पर कसेगा शिकंजा
X

भोपाल। प्रदेश में ऑनलाइन वीडियो गेम बच्चों के लिए जानलेवा साबित हो रहे हैं। इसके चलते मध्यप्रदेश सरकार सख्त कदम उठाने जा रही है। प्रदेश में जल्द ही ऑनलाइन गेमिंग एक्ट लागू किया जाएगा। इसका ड्राफ्ट तैयार हो चुका है। यह बात प्रदेश के गृह मंत्री डा. नरोत्तम मिश्रा गुरुवार को मीडिया से बातचीत करते हुए कही।

दरअसल, राजधानी भोपाल के शंकराचार्य नगर में बुधवार को 11 वर्षीय पांचवीं कक्षा के छात्र सूर्यांश ओझा ने फ्री फायर गेम के कारण फांसी लगा ली थी। इस घटना पर गृह मंत्री डा. मिश्रा ने चिंता जाहिर करते हुए इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए कानून लाने की बात कही। उन्होंने कहा कि फ्री फायर गेम के कारण बच्चे की आत्महत्या का मामला बहुत गंभीर है। इस प्रकार की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए एक्ट लागू किया जाएगा। इसका ड्राफ्ट तैयार हो गया है। इसको जल्द ही मूर्त रूप दिया जाएगा।उन्होंने कहा कि प्रदेश में आनलाइन गेमिंग पर नियंत्रण के कानून का प्रारूप तैयार कर लिया गया है। इसे विधान सभा के फरवरी-मार्च 2022 में प्रस्तावित बजट सत्र में प्रस्तुत किया जाएगा। क़ानून अमल में आने पर आनलाइन गेमिंग संचालित करने वाली कंपनियों पर शिकंजा कसा जा सकेगा। साथ ही बिना अनुमति इस तरह की गतिविधियां संचालित करने वालों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जा सकेगी।

ये हुई घटनाएं -

गौरतलब है कि उज्जैन के जीवाजीगंज थाना क्षेत्र में रहने वाले एक किशोर ने भी मोबाइल गेम में डेढ़ हजार रुपये खर्च होने पर खुद के अपहरण की झूठी कहानी रच दी थी। डेढ़ हजार रुपये खर्च होने पर माता-पिता की डांट से वह घर छोड़कर इंदौर चला गया था। वहीं, देवास में मोबाइल पर गेम खेलते हुए 11वीं के एक छात्र की मौत का मामला भी सामने आया था। गेम खेलते-खेलते वह बिस्तर पर गिर गया और जब परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे तो डाक्टरों ने छात्र को मृत घोषित कर दिया।

दिग्विजय पर साधा निशाना -

गृह मंत्री डा. मिश्रा ने गुरुवार को मीडिया से बातचीत के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह पर हिन्दुत्व से जुड़े बयान को लेकर भी निशाना साधा। उन्होंने उन्होंने कहा कि यह दिग्विजय सिंह का हृदय परिवर्तन है। वह शब्दों में सुधार कर रहे हैं। इससे अच्छे दिन क्या होंगे जो राजनीति में सिर्फ इफ्तारी करने तक सीमित थे। आज अपने आपको हिंदू साबित करने में लगे हैं। कोई कोर्ट के ऊपर जनेऊ डाल रहा है, कोई गंगा में डुबकी लगा रहा है तो कोई हनुमान चालीसा का पाठ कर रहा है। देश बदल रहा है। यह बदलाव नरेंद्र मोदी और अमित शाह के कारण है।

Updated : 15 Jan 2022 2:19 PM GMT
Tags:    
author-thhumb

स्वदेश डेस्क

वेब डेस्क


Next Story
Top