Home > राज्य > मध्यप्रदेश > भोपाल > दिग्गजों के सामने 'अभिनेताओं' पर दांव

दिग्गजों के सामने 'अभिनेताओं' पर दांव

दिग्गजों के सामने अभिनेताओं पर दांव
X

अब गोविंदा ने की मुख्यमंत्री कमलनाथ से मुलाकात, इंदौर से हैं अटकलें

भोपाल/राजनीतिक संवाददाता। मध्यप्रदेश के लोकसभा चुनाव में इस बार कई अभिनेता भी चुनावी मैदान में उतर सकते हैं। ऐसे संकेत कांग्रेस खेमे से मिल रहे हैं। दरअसल शुक्रवार को फिल्म अभिनेता गोविंद ने भोपाल में मुख्यमंत्री कमलनाथ से मुलाकात की है। इस मुलाकात के बाद अटकलें हैं कि गोविंदा को कांग्रेस इंदौर से अपना उम्मीदवार बनाना चाहती है। हालांकि गोविंदा ने मीडिया से चर्चा में कहा है कि वे अपने व्यक्तिगत कार्य से भोपाल आए हैं और उन्होंने मुख्यमंत्री कमलनाथ से सौजन्य मुलाकात की है।

प्रदेश में कांग्रेस की नजर ऐसी लोकसभा सीटों पर जीतने की है, जहां से अब तक उन्हें जीत नहीं मिली है। इन सीटों में राजधानी भोपाल के अलावा आर्थिक राजधानी इंदौर, संस्कारधानी जबलपुर, सागर, दमोह सहित अन्य हैं। मुख्यमंत्री कमलनाथ प्रदेश में 25 लोकसभा सीटें जीतने का दावा कर चुके हैं और इन सीटों को जीतने के लिए जुगत भी लगा रहे हैं।

अभिनेताओं से रिझाने की कोशिश

कांग्रेस इस बार ज्यादा से ज्यादा सीटों पर जीत चाहती है। इसके लिए मतदाताओं को हर तरह से रिझाने की तैयारी में है। कांग्रेस ने भोपाल जैसी कठिन सीट पर जहां अपने दिग्गज नेता दिग्विजय सिंह को खड़ा किया है तो अब इंदौर, जबलपुर पर कांग्रेस अभिनेताओं के सहारे जीत चाहती है। इंदौर लोकसभा सीट पर वर्षों से भाजपा काबिज है। यहां से लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन सांसद हैं। चर्चाएं हैं कि उनके सामने कांग्रेस गोविंदा को उम्मीदवार के तौर पर उतार सकती है। इसी तरह जबलपुर या सागर सीट से आशुतोष राणा का नाम भी चर्चाओं में हैं। दरअसल जबलपुर से भाजपा ने प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह को अपना उम्मीदवार घोषित किया है।

मोदी जी को फिर से प्रधानमंत्री बनाने के लिए हर कार्यकर्ता संकल्प लें : राकेश सिंह


भाजपा राष्ट्रवाद की विचारधारा से काम करने वाला एकमात्र राजनीतिक दल है। हमारे लिए देश सर्वोपरि है और सत्ता सेवा का माध्यम है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की सीमाएं मजबूत हो रही हैं। सैनिकों का मनोबल ऊंचा हुआ है, देश विकास की ओर अग्रसर हो रहा है। माताओं-बहनों का सम्मान बढ़ रहा है, लेकिन यह सब विपक्षी दल को खटक रहा है। यह बात पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद राकेश सिंह ने शुक्रवार को जबलपुर के सिहोरा एवं पश्चिम विधानसभा के कार्यकताओं के मिलन कार्यकम में कही। उन्होंने कार्यकर्ताओं से लोकसभा चुनाव में प्राणप्रण से जुट जाने की अपील की और कहा कि कार्यकर्ता संकल्प ले कि देश मे मोदी जी फिर से प्रधानमंत्री बनेंगे।

इधर भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता व सांसद आलोक संजर ने कहा कि हिन्दु आतंकवाद कहने वाले दिग्विजय सिंह आज भोपाल में अपने हिन्दु होने का प्रमाण दिखाते घूम रहे हैं। उन्होंने कहा कि दिग्विजय सिंह की नजर में जाकिर नाईक शांति का दूत है। आतंकवादी हाफिज सईद को हाफिज साहब शब्द से संबोधित करने वाले दिग्विजय सिंह आज संघ और भारतीय जनता पार्टी पर सांस्कृतिक और सामाजिक संगठन होने पर सवाल उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि दिग्विजय सिंह ने पाकिस्तान और आईएसआई के तर्ज पर हिंदुओं को आतंकवाद से जोडऩे का काम किया था। जब भारत की सेना ने सर्जिकल स्ट्राइक कर पाकिस्तान में घुसकर आतंकवादियों के ठिकानों को ध्वस्त किया। पूरा देश सेना पर गर्व कर रहा था, तब यही दिग्विजय सिंह सेना से सबूत मांगने का काम कर रहे थे। भारत की रक्षा करने वाले सैनिक पर हाथ उठाने जैसा घृणित काम दिग्विजय सिंह ने किया। इनकी पाकिस्तान परस्त नीति जनता से छिपी नहीं है।

Updated : 29 March 2019 4:33 PM GMT
author-thhumb

Naveen Savita

Swadesh Contributors help bring you the latest news and articles around you.


Next Story
Top