गोली मारकर युवक की हत्या, सड़क किनारे मिला शव

भोपाल/बैरसिया/मध्य स्वदेश। प्रदेश के अन्य शहरों के साथ-साथ राजधानी भोपाल में भी अपराधों का आंकड़ा लगातार बढ़ता रहा रहा है। इसी क्रम में शनिवार-रविवार की रात राजधानी भोपाल के बैरसिया थाना क्षेत्र में एक युवक की तीन गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की जेब से मिले आधार कार्ड से उसकी पहचान हो गई है।
रविवार की सुबह राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी कि ग्राम नलखेड़ा के पास तरावली-बैरसिया रोड पर एक युवक का शव पड़ा है। राजगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव के पास पहुंचकर ने फोरेंसिक दल ने जांच पड़ताल की। जांच दौरान शव के पास कारतूस के तीन खाली खोखे तथा शरीर में गोली के तीन घाव मिले, जिससे पता चला कि युवक को तीन गोली मारी गई हैं। आसपास के गांव के लोग और राहगीर मृतक की पहचान नहीं कर सके। इस कारण पहले पुलिस मृतक को अज्ञात मानकर चल रही थी। लेकिन मृतक के कपड़ों की तलाशी लेने पर उसका आधारकार्ड जेब में रखा मिला। आधार कार्ड के आधार पर मृतक की पहचान विक्रम पुत्र शिवनारायण यादव उम्र 30 साल निवासी ग्राम चमारी, तहसील ब्यावरा, जिला राजगढ़ के रूप में हुई है। पुलिस ने राजगढ़ पुलिस से संपर्क कर मृतक के परिजनों को सूचना दी तथा जांच पड़ताल के बाद शव विच्छेदन गृह में पहुंचा दिया।
तीन दिन पहले ससुराल के लिए निकला था
मृतक विक्रम के परिजनों ने पुलिस को बताया कि वह तीन दिन पूर्व ससुराल जाने की बात कहकर घर से निकला था। तीन दिन से उसकी न तो उन्हें कोई सूचना थी और न ही जानकारी। बताया जा रहा है कि मृतक युवक का तीन माह से पत्नी से विवाद चल रहा था। इस कारण उसकी पत्नी मायके में रह रही थी।
व्यापारी की हत्या की जांच में जुटी पुलिस
बागसेवनिया थाना क्षेत्र के दीक्षा नगर में शनिवार को महिला मित्र के बुलावे पर पहुंचे आधा दर्जन से अधिक हथियारबंद बदमाशों द्वारा व्यापारी मुकेश मालवीय की उसके घर के सामने ही उसकी हत्या कर दी गई। हत्या का कारण महिला के घर के पास रास्ते में पानी बहाने को लेकर हुआ विवाद बताया जा रहा है। इस विवाद में व्यापारी ने बीच बचाव किया था। पुलिस ने हत्यारोपी महिला सहित उसके तीन साथियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के समय क्षेत्र में गश्त ड्यूटी पर लगाए गए बागसेवनिया थाने के सहायक उप निरीक्षक रामदैनी राय को निलंबित कर दिया है।
