बेहतर स्वास्थ्य सुविधा देने में फिसड्डी रहे भोपाल-इंदौर

प्रदेश का मॉडल जयप्रकाश अस्पताल अभी तक एक बार भी कायाकल्प अवार्ड हासिल नहीं कर सका
मध्य स्वदेश संवाददाता ♦ भोपाल
केंद्र सरकार की कायाकल्प योजना में अस्पतालों में बेहतर व्यवस्था बनाने और मरीजों को अनुकूल माहौल देने में प्रदेश की राजधानी भोपाल और इंदौर पिछड़ गए। केंद्र सरकार द्वारा शुरू की गई कायाकल्प योजना में जबलपुर दूसरी बार टॉप पर रहा, तो होशंगाबाद ने दूसरा स्थान हासिल किया है। जिला सहित सभी स्वास्थ्य केंद्रों के बीच प्रतिस्पर्धा बनाए रखने के लिए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा कायाकल्प अवार्ड योजना शुरू की गई है। हर साल मिलने वाले इस अवार्ड की घोषणा प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री तुलसीराम सिलावट ने की। इन अवार्ड में जिला अस्पताल श्रेणी में जबलपुर को प्रथम पुरस्कार 21 लाख, जिला अस्पताल होशंगाबाद को द्वितीय पुरस्कार 10 लाख और जिला अस्पताल पन्ना एवं रतलाम को तृतीय पुरस्कार 5-5 लाख रुपए प्रदान किया जाएगा। इस राशि का इस्तेमाल अस्पताल विभिन्न कार्यों जैसे साफ-सफाई, रंगाई-पुताई और अन्य जगह कर सकते हैं।
चार साल से भोपाल फिसड्डी
प्रदेश का मॉडल अस्पताल कहा जाने वाला जयप्रकाश अस्पताल अभी तक एक बार भी कायाकल्प अवार्ड हासिल नहीं कर सका है। जबकि हर साल अस्पताल प्रबंधन का दावा रहता है कि इस बार कायाकल्प अवार्ड हम जीतेंगे। इसके लिए निरीक्षण से पहले अस्पताल परिसर को चमकाया भी जाता है। इतना ही नहीं मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की कोशिश भी की जाती है।
सीएचसी व पीएचसी में भोपाल पिछड़ा
जिला अस्पताल की श्रेणी के अलावा सामुदायिक और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की श्रेणी में भी भोपाल जिला पीछे रह गया है। जानकारी अनुसार सिविल और सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र श्रेणी में सीहोर जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र इछावर को पहला पुरस्कार 15 लाख, झाबुआ जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र रामा को द्वितीय पुरस्कार 10 लाख और अलीराजपुर जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र क_ीवाडा को तृतीय पुरस्कार 5 लाख दिए जाएंगे। सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बुढार जिला शहडोल, खिरकिया जिला हरदा और खुटार जिला सिंगरौली को तेजी से सुधार कार्य करने के लिए 2-2 लाख का पुरस्कार एवं 23 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों को एक-एक लाख के सांत्वना पुरस्कार दिए जाएंगे। इसके साथ ही, 34 प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों को भी पुरस्कार के लिए चयनित किया गया है।
