Home > राज्य > मध्यप्रदेश > भोपाल > कार्यकर्ता अपने पुरुषार्थ से पार्टी के वोट प्रतिशत में इजाफा करवाएं : वीडी शर्मा

कार्यकर्ता अपने पुरुषार्थ से पार्टी के वोट प्रतिशत में इजाफा करवाएं : वीडी शर्मा

सांसद वीडी शर्मा ने प्रदेश कार्यसमिति की बैठक संबोधित की

कार्यकर्ता अपने पुरुषार्थ से पार्टी के वोट प्रतिशत में इजाफा करवाएं : वीडी शर्मा
X

भोपाल। हमारी केंद्र और राज्य सरकारें अंत्योदय के लक्ष्य को लेकर आगे बढ़ रही हैं। एक तरफ केंद्र सरकार प्रधानमंत्री आवास, उज्ज्वला जैसी योजनाओं से जीवन स्तर उठा रही हैं, तो दूसरी तरफ मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की सरकार लोगों की सोच बदल रही है। प्रदेश में हमारी सरकार ने सत्ता में आते ही लाडली लक्ष्मी, बेटी बचाओ जैसी योजनाएं शुरू की थीं। आज प्रदेश में 35 लाख बेटियां लाडली लक्ष्मी बन गई हैं। जिन बेटियों को कभी अभिशाप समझा जाता था, वो अब वरदान बन गई है। प्रदेश में पहले जहां 1000 पुरुषों पर 912 महिलाएं होती थीं, वहीं अब 1000 पुरुषों पर 956 महिलाएं हैं। यह हमारी सरकारों की प्रतिबद्धता का ही परिणाम है। उक्त बातें भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने शुक्रवार को प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के दौरान भोपाल में कही।


शर्मा ने भाजपा कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे अपने पुरुषार्थ से पार्टी के वोट प्रतिशत में इजाफा करवाएं। उन्होंने कहा कि हमारे पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह सदैव इस बात को कहते रहे हैं कि चुनाव तो हम जीतते ही हैं, लेकिन हमें अपना वोट शेयर बढ़ाना है। इसलिए हमें अपना वोट शेयर 10 प्रतिशत से ज्यादा बढ़ाकर 51 फीसदी से ऊपर ले जाना होगा और यही संकल्प लेकर अब हमें आगे बढ़ना है। इसके लिए हमें लोगों का मन जीतना होगा, हमारी केंद्र और राज्य सरकारों ने गरीब कल्याण की जो योजनाएं शुरू की हैं, उन्हें जन-जन तक पहुंचाना होगा। हमें सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास के संकल्प के साथ आगे बढ़ना है। छल-कपट की राजनीति करने वालों को जवाब देना है और 2023 में जीत का इतिहास बनाना है।

राष्ट्रविरोधी लोग षडयंत्र रच रहे -


प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि नरेंद्र मोदी और भाजपा को रोकने के लिए राष्ट्रविरोधी लोग षडयंत्र रच रहे हैं। कांग्रेस, वामपंथी और राष्ट्र विरोधी मिलकर जनजातीय क्षेत्रों में दुष्प्रचार कर रहे हैं। पहले इन्होंने जनजातीय भाइयों को खुद को हिंदू बताने से रोका। फिर कोरोना की वेक्सीन के खिलाफ भड़काया और कहा कि इससे बांझपन का खतरा है। अब ये आदिवासी दिवस के नाम पर लोगों को भड़का रहे हैं, जबकि उससे हमारे देश का कुछ भी लेनादेना नहीं है। हमारे मुख्यमंत्रीजी ने जबलपुर में राजा शंकर शाह, रघुनाथ शाह के बलिदान दिवस पर यह घोषणा की थी कि हम भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस मनाएंगे। हमारे प्रधानमंत्रीजी ने इसे राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस घोषित किया। शर्मा ने कहा कि हमारी सरकारें जनजातीय योद्धाओं, महापुरुषों और क्रांतिकारियों को सम्मान दे रही हैं।

शर्मा ने कहा कि हमारे लिए यह वर्ष गौरव और संकल्प का वर्ष है, क्योंकि यह स्व. कुशाभाऊ ठाकरे का जन्मशताब्दी वर्ष है। स्व. कुशाभाऊ ठाकरे ने राजमाता विजयाराजे सिंधिया, स्व. कैलाश जोशी, प्यारेलाल खंडेलवाल, सुन्दरलाल पटवा जैसे नेताओं के साथ पार्टी को खड़ा किया और सींचा। विष्णुदत्त शर्मा का कहना है कि इन नेताओं ने पार्टी संगठन को आदर्श बनाया है, अब उसे मजबूती देने की जिम्मेदारी हमारी है।

कार्यकर्ताओं ने स्वीकारी चुनौती -

शर्मा ने कहा देश ने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में कोरोना जैसे संकट का सफलतापूर्वक सामना किया। हमारे प्रधानमंत्री ने इस संकट के दौरान सारी दुनिया का ध्यान रखते हुए वसुधैव कुटुम्बकम की भावना से काम किया और यही वजह रही कि प्रधानमंत्री के आह्वान पर भारत के साथ सारी दुनिया में ताली-थाली बजाई गई। हमारे मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने सत्ता की बागडोर संभालते ही कोरोना पर नियंत्रण के प्रयास शुरू कर दिए। उन्होंने पंचायत स्तर तक क्राइसिस मैनेजमेंट कमेटी का कंसेप्ट दिया, जिसे हमारे प्रधानमंत्री ने भी सराहा।

उपचुनाव जीतकर सरकार को मजबूती दी -

शर्मा ने बताया कि कैसे प्रदेश में 15 महीने तक चली कांग्रेस की सरकार प्रदेश को गर्त में ले जा रही थी। मुख्यमंत्री कोई और था और सरकार को चला कोई और रहा था। कांग्रेस के ही लोग अपनी सरकार पर आरोप लगाने लगे थे। सिंधियाजी और उनके साथियों के सहयोग से प्रदेश को बचाने के लिए शिवराजसिंह चौहान की सरकार बनी। प्रदेश में 28 विधानसभाओं के उपचुनाव हुए और ये उपचुनाव प्रदेश को बचाने वाली सरकार को मजबूती देने वाले उपचुनाव थे। हमारे कार्यकर्ताओं ने न सिर्फ नए साथियों के साथ समरसता से काम किया, बल्कि कड़ी मेहनत करके चुनावों में जीत हासिल की। उन्होंने कहा कि हाल ही में हुए उपचुनाव में भी हमारे कार्यकर्ताओं ने अपने परिश्रम तथा केंद्र और राज्य सरकारों की गरीब कल्याण की योजनाओं की बदौलत कांग्रेस से दो सीटें छीनकर इतिहास बनाया। कार्यकर्ताओं ने दिखा दिया कि टीम स्पिरिट से कैसे काम किया जाता है और इसके लिए मैं उनका अभिनंदन करता हूं।

Updated : 29 Nov 2021 8:10 AM GMT
Tags:    
author-thhumb

स्वदेश डेस्क

वेब डेस्क


Next Story
Top