Home > राज्य > मध्यप्रदेश > भोपाल > मध्यप्रदेश में दो चरणों में होंगे निकाय चुनाव, तैयारियां शुरू

मध्यप्रदेश में दो चरणों में होंगे निकाय चुनाव, तैयारियां शुरू

मध्यप्रदेश में दो चरणों में होंगे निकाय चुनाव, तैयारियां शुरू
X

भोपाल। प्रदेश में नगरीय निकाय और पंचायतों के चुनावों की तैयारियां शुरू हो गई हैं। राज्य निर्वाचन आयुक्त बसंत प्रताप सिंह ने गुरुवार को नगरीय निकायों एवं त्रि-स्तरीय पंचायतों के आगामी आम निर्वाचन की तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने निर्देश दिये कि नगरीय निकाय आम निर्वाचन की तैयारी समय-सीमा में पूरी करें। बता दें कि प्रदेश में कुल 407 में से 347 नगरीय निकायों के साथ-साथ पंचायतों के आम निर्वाचन होना है।

राज्य निर्वाचन आयुक्त ने कहा है कि निर्वाचन से संबंधित जो कार्यवाही शेष है, उसकी सूची बनायें और प्रत्येक कार्य समय पर करें। तैयारी पूरी होते ही आम निर्वाचन की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी जायेगी।उन्होंने कहा कि प्रदेश में कोरोना संक्रमण के प्रभावी नियंत्रण और वैक्सीनेशन की स्थिति के मद्देनजर वर्तमान में आम निर्वाचन करवाया जाना संभव है। कोरोना के कारण पहले से ही आम निर्वाचन बहुत लेट हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि पहले नगरीय निकायों के निर्वाचन करवाये जायेंगे।

347 नगरीय निकायों में होगा चुनाव -

बैठक में जानकारी दी कि प्रदेश में कुल 407 नगरीय निकाय हैं। इनमें से 347 में आम निर्वाचन कराये जाना है। दो चरण में मतदान होगा। प्रथम चरण में 155 और दूसरे चरण में 192 नगरीय निकायों में मतदान कराया जायेगा। महापौर/अध्यक्ष का निर्वाचन अप्रत्यक्ष प्रणाली से होगा। इन 347 नगरीय निकायों में सभी 16 नगर निगम शामिल हैं। कुल 19 हजार 955 मतदान केन्द्र बनाये गए हैं। कुल अभी 60 नगरीय निकायों का कार्यकाल बाकी है। मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 3 मार्च 2021 को हो चुका है। नगरीय निकायों में मतदान ई.व्ही.एम. से कराये जायेंगे।

3 चरण में होंगे पंचायत चुनाव -

बताया गया कि पंचायतों के आम निर्वाचन 3 चरण में करवाये जाएंगे। त्रि-स्तरीय पंचायतों में पंच के 3 लाख 77 हजार 551, सरपंच के 23 हजार 912, जनपद पंचायत सदस्य के 6 हजार 833, जिला पंचायत सदस्य के 904, उप सरपंच के 23 हजार 912, जनपद पंचायत अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष के 313 और जिला पंचायत अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष के 52 पदों का निर्वाचन कराया जायेगा।बैठक में सचिव राज्य निर्वाचन आयोग दुर्ग विजय सिंह, उप सचिव अरुण परमार एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

Updated : 12 Oct 2021 10:14 AM GMT
Tags:    
author-thhumb

स्वदेश डेस्क

वेब डेस्क


Next Story
Top