खालसा स्कूल में गणतंत्र दिवस धूमधाम से मनाया, बच्चों की प्रस्तुतियों ने मोहा मन

खालसा स्कूल में गणतंत्र दिवस धूमधाम से मनाया, बच्चों की प्रस्तुतियों ने मोहा मन
X
खालसा स्कूल, राम नगर भोपाल में 77वां गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास और देशभक्ति के साथ मनाया गया, सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां।

भोपाल। खालसा हाइयर सेकेंडरी स्कूल, राम नगर भोपाल में 26 जनवरी को 77वां गणतंत्र दिवस पूरे उत्साह, अनुशासन और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। तिरंगे से सजा स्कूल और बच्चों के चेहरे पर उत्साह, माहौल खुद-ब-खुद खास बन गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य विशिष्ट अतिथियों द्वारा ध्वजारोहण के साथ किया गया। इसके बाद राष्ट्रगान गाया गया, जिससे पूरा परिसर देशभक्ति की भावना से भर उठा। ध्वजारोहण के पश्चात अतिथियों को पौधा भेंट कर सम्मानित किया गया, जो पर्यावरण संरक्षण का सुंदर संदेश भी देता नजर आया।

नन्हे बच्चों की प्रस्तुति ने बांधा समां

कार्यक्रम की शुरुआत नन्हे-मुन्ने बच्चों द्वारा शबद गायन से हुई। उनकी मासूम आवाज़ और भावपूर्ण प्रस्तुति ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। स्वागत भाषण विद्यालय की सह-प्राचार्या अपर्णा मैम द्वारा दिया गया। इसके बाद छोटे बच्चों द्वारा प्रस्तुत स्वागत नृत्य ने सभी उपस्थितजनों का मन मोह लिया। सरस्वती वंदना के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों की विधिवत शुरुआत हुई।


संविधान और लोकतंत्र पर प्रभावशाली प्रस्तुति

विद्यार्थियों द्वारा संविधान पर आधारित नाट्य प्रस्तुति कार्यक्रम का खास आकर्षण रही। इस नाटक के माध्यम से भारतीय संविधान के मूल सिद्धांतों, नागरिक अधिकारों और कर्तव्यों को सरल और प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया। इसके साथ ही हिंदी और अंग्रेज़ी भाषणों में छात्रों ने गणतंत्र दिवस के महत्व, लोकतंत्र की मजबूती और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर अपने विचार रखे, जिन्हें खूब सराहना मिली।

मेधावी विद्यार्थियों का हुआ सम्मान

कार्यक्रम के मध्य में विद्यालय के होनहार छात्र-छात्राओं को उनकी शैक्षणिक और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। मंच पर नाम पुकारे जाने पर बच्चों के चेहरे की खुशी देखते ही बनती थी। सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में कम्युनिटी हेल्पर्स पर आधारित नृत्य, रानी लक्ष्मीबाई के शौर्य पर आधारित प्रस्तुति, देशभक्ति गीतों पर नृत्य और राजस्थानी लोकनृत्य ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके अलावा लावणी, कालबेलिया, घूमर, गिद्धा, दादरा नृत्य और कव्वाली जैसी प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में रंग भर दिए। विद्यार्थियों ने पूरे आत्मविश्वास और अनुशासन के साथ अपनी कला का प्रदर्शन किया।


इस अवसर पर मुख्य विशिष्ट अतिथियों के रूप में सरदार मोहन सिंह जी, सरदार केसर सिंह जी, सरदार तेजकुल पाल सिंह जी, सरदार रघुवीर सिंह जी, सरदार हैपी सिंह जी, सरदार लाइक सिंह जी एवं सरदार चरणजीत सिंह वीर जी की गरिमामयी उपस्थिति रही।

Tags

Next Story