19 आईएएस अधिकारियों के तबादले, कौशलेन्द्र विक्रम सिंह भोपाल के नए कलेक्टर

भोपाल। चुनावी साल में राज्य सरकार ने सोमवार को फिर से बड़ी प्रशासनिक सर्जरी की। सरकार ने भोपाल, रीवा सहित सात जिलों के कलेक्टर बदल दिए हैं। जिसमें से ज्यादातर कलेक्टरों को दो या तीन साल से अधिक समय हो गया था। ग्वालियर कलेक्टर रहे कौशलेन्द्र विक्रम सिंह को यहां कराए गए काम का ईनाम मिला है। उन्हें अविनाश लवानिया की जगह भोपाल कलेक्टर की जिम्मेदारी सौंपी गई है। दो महीने पहले ही कौशलेन्द्र विक्रम सिंह का स्थानांतरण हुआ था। वहीं सरकार ने कलेक्टरों के अलावा 12 अन्य आईएएस अधिकारियों के स्थानांतरण किए हैं।
सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा देर रात जारी आदेश में भोपाल, रीवा, शाजापुर, मंडला, झाबुआ, दमोह और नीमच जिलों के कलेक्टर को बदला है। भोपाल कलेक्टर की जिम्मेदारी कौशलेन्द्र विक्रम सिंह को सौंपी गई है। उन्होंने ग्वालियर कलेक्टर रहते हुए अच्छा काम किया था। इसलिए उन्हें इसका ईनाम मिला है। जबकि कलेक्टर अविनाश लवानिया को प्रबंध संचालक मप्र जल निगम की जिम्मेदारी सौंपी है। उन्हें बतौर कलेक्टर करीब तीन साल का समय हो गया था। इंदौर नगर निगम की आयुक्त श्रीमती प्रतिभा पाल को रीवा कलेक्टर बनाया गया है। ग्वालियर के नगर निगम आयुक्त किशोर कन्याल को शाजापुर कलेक्टर की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं श्रीमती सूफिया फारूखी वली को मुख्य कार्यपालन अधिकारी मनरेगा से प्रबंध संचालक हस्तशिल्प एवं हाथकरघा विकास निगम का दायित्व सौंपा है। चार दिन पहले ही यहां से अनुभा श्रीवास्तव का स्थानांतरण हुआ था। इसके अलावा कई अन्य अधिकारियों को क्षेत्र में भेजा गया है।
किसे कहां कि मिली जिम्मेदारी
- अविनाश लवानिया कलेक्टर भोपाल को प्रबंध संचालक, मप्र जल निगम बनाया
- मनोज पुष्प कलेक्टर रीवा को उप सचिव महिला बाल विकास
- दिनेश जैन कलेक्टर शाजापुर को कलेक्टर नीमच
- हर्षिका सिंह कलेक्टर मंडला को आयुक्त ननि इंदौर
- रजनी सिंह कलेक्टर, झाबुआ को उपर आयुक्त, वाणिज्यिक कर
- मयंक अग्रवाल कलेक्टर, नीमच को कलेक्टर, दमोह
- एस. कृष्ण चैतन्य कलेक्टर दमोह को सीईओ मनरेगा
- सूफिया फारूखी वली सीईओ मनरेगा को प्रबंध संचालक, हस्तशिल्प विकास
- कौशलेन्द्र विक्रम सिंह अपर सचिव सीएम को कलेक्टर भोपाल
- प्रतिभा पाल आयुक्त ननि इंदौर को कलेक्टर रीवा
- किशोर कन्याल आयुक्त ननि ग्वालियर को कलेक्टर, शाजापुर
- तन्वी हुड्डा अपर आयुक्त, वाणिज्यकर को कलेक्टर, झाबुआ
- डॉ. सलोनी सिडाना सीईओ जिपं जबलपुर को कलेक्टर, मंडला
- हर्ष सिंह सीईओ जिपं सीहोर को आयुक्त, नगर निगम ग्वालियर
- आशीष तिवारी सीईओ जिपं ग्वालियर को सीईओ जिपं सीहोर
- जयति सिंह अपर कलेक्टर ग्वालियर को सी ई ओ जिपं जबलपुर
- विवेक कुमार सीईओ जिपं बालाघाट को सीईओ जिपं ग्वालियर
- हरसिमरन सिंह कौर उप सचिव विज्ञान को सीईओ जिपं आगर-मालवा
- अक्षत जैन एसडीएम इंदौर को एसडीएम छतरपुर
