Home > राज्य > मध्यप्रदेश > भोपाल > सुधीर सक्सेना बने मप्र के नए डीजीपी, जानिए ग्वालियर से पुलिस का मुखिया बनने तक का सफर

सुधीर सक्सेना बने मप्र के नए डीजीपी, जानिए ग्वालियर से पुलिस का मुखिया बनने तक का सफर

गृह विभाग ने जारी किए आदेश

सुधीर सक्सेना बने मप्र के नए डीजीपी, जानिए ग्वालियर से पुलिस का मुखिया बनने तक का सफर
X

भोपाल। वर्ष 1987 बैच के आईपीएस अधिकारी सुधीर कुमार सक्सेना को मध्य प्रदेश का नया पुलिस महानिदेशक नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति के आदेश शुक्रवार सुबह गृह विभाग ने जारी किए। वे शुक्रवार को ही सेवानिवृत्त हो रहे पुलिस महानिदेशक विवेक जौहरी का स्थान लेंगे।


आईपीएस अधिकारी सुधीर सक्सेना मूलरूप से ग्वालियर के रहने वाले हैं। सुधीर कुमार सक्सेना केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर कैबिनेट सचिवालय में सचिव सुरक्षा के पद पर थे। उन्हें पुलिस महानिदेशक बनाने के लिए राज्य सरकार ने उनकी सेवाएं लौटाने का अनुरोध केंद्र सरकार से किया था, जिसे मान्य करते हुए दो मार्च को सेवा लौटाने के आदेश जारी किए गए थे। सक्सेना 2002 से 2009 तक सीबीआई में डीआईजी रहे। इसके बाद केंद्रीय प्रतिनियुक्ति से लौटे और पुलिस महानिरीक्षक इंटेलीजेंस बनाए गए। 2012 में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी बनाए गए। पुलिस मुख्यालय में प्रशासन का काम भी देखा। 2016 में केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर गए थे। सीआईएसएफ में 2018 से अगस्त 2021 तक सेवाएं दीं।

इसके बाद उन्हें कैबिनेट सचिवालय में सचिव सुरक्षा पदस्थ किया गया। सक्सेना की नियुक्ति वरिष्ठता के आधार पर की गई है। हालांकि उनसे वरिष्ठ अधिकारी 1986 बैच के आईपीएस पुरुषोत्तम शर्मा हैं, लेकिन वे फिलहाल निलंबित हैं। इस वजह से पुलिस महानिदेशक बनाए जाने की पात्रता नहीं रखते हैं।

उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जनवरी 2022 में पंजाब दौरे के दौरान हुई सुरक्षा में चूक के मामले की जांच का जिम्मा सुधीर कुमार सक्सेना को सौंपा गया था। इस उच्चस्तरीय समिति में गुप्तचर ब्यूरो के संयुक्त निदेशक और एसपीजी के आईजी को शामिल किया गया था।

Updated : 4 March 2022 12:18 PM GMT
Tags:    
author-thhumb

स्वदेश डेस्क

वेब डेस्क


Next Story
Top