राजाभोज एयरपोर्ट से इंडिगो की फ्लाइट्स का संचालन सामान्य

भोपाल। राजाभोज एयरपोर्ट से इंडिगो की फ्लाइट्स का ऑपरेशन धीरे-धीरे सामान्य होने लगा है। कल तक जो 18 फ्लाइट्स बंद थे, उनमें से 6 फ्लाइट्स का संचालन पुन: शनिवार से शुरू हो गया है। यात्रियों की आवाजाही में भी लगातार बढ़ोतरी हो रही है, वही कैंसीलेशन में काफी कमी आई है। रविवार से यात्रा निरस्त करने वाले यात्रियों की राशि वापस मिलनी शुरू हो जाएगी। एयरपोर्ट प्रबंधन के अनुसार दिल्ली, बेंगलुरु और गोवा के जो रूट कल निरस्त हो गए थे, वे पुन: शुरू हो गए हैं। स्थिति पर नजऱ रखे हंै। प्रबंधन, यात्रियों के हित में फ्लाइट्स संचालन को आसान बनाने इंडिगो एयरलाइन के साथ लगातार प्रयास कर रहा है। बता दें कि डीजीसीए के नियम वापसी के बाद क्रू मेंबरर्स वापस काम पर लौटने लगे हैं।
राजाभोज एयरपोर्ट भोपाल के निदेशक,रामजी अवस्थी का कहना है शनिवार को कुल 18 में से 6 फ्लाइट्स का संचालन हुआ। पैसेंजर संख्या में भी काफी सुधार हुआ है। दोपहर 3 बजे तक 2,500 से ज़्यादा पैसेंजर भोपाल एयरपोर्ट से ट्रैवल कर चुके हैं। आज रात तक फ्लाइट और पैसेंजर मूवमेंट में और बढ़ोतरी होने की उम्मीद है।
48 घंटे में ये यात्री हुए परेशान
शुभम और उनकी पत्नी तीन घंटे तक एयरपोर्ट पर बैठे रहे, लेकिन उन्हें कोई जानकारी नहीं दी गई। शुभम पत्नी समेत एयरपोर्ट पहुंचे और एक घंटे से ज्यादा देर तक इंतजार करते रहे, लेकिन उन्हें फ्लाइट कैंसल होने या आगे की कोई जानकारी नहीं दी गई। फ्लाइट रद्द होने के कारण कपल को मायूस होकर कैब में बैठकर वापस भोपाल स्थित अपने घर लौटा। फिर शनिवार को स्वर्ण जयंती एक्सप्रेस से गोवा के लिए रवाना हुए।
दिल्ली जाने वाली नई दुल्हन डॉ. गुंजन की भी फ्लाइट कैंसिल हो गई। शनिवार को दिल्ली में उनका रोका समारोह था। दूल्हा वहां इंतजार कर रहा था, जबकि दुल्हन भोपाल एयरपोर्ट पर दूसरे साधन की तलाश में भटक रही थीं। आखिर में वह ऑनलाइन ही रोका कार्यक्रम में शामिल हो पाई।
भोपाल के ही विवेक और साक्षी मिश्रा हनीमून के लिए ऊंटी जा रहे थे। भोपाल से मुंबई और वहां से कनेक्टिंग फ्लाइट थी, लेकिन उड़ान रद्द होने के बाद दोनों ने ट्रेन से सफर करने का फैसला किया।
4000 से अधिक यात्री प्रभावित
इंडिगो की तीन दिन से उड़ानें रद्द होने से भोपाल के मुंबई, बैंगलूरू, अहमदाबाद आदि के हजारों यात्री परेशान हुए। इससे लगभग 4000 से अधिक यात्री प्रभावित हुए। एयरपोर्ट प्रबंधन ने इनमें से कुछ यात्रियों को दूसरी उड़ानों में भेजा। बाकी के लिए रिफंड और रूकने की व्यवस्था की। इंडिगो की ट्रिप्स रद्द होने से यात्रियों में नाराजगी देखी गई। यात्रियों का कहना है कि ठोस कारण की जानकारी दिए बिना उड़ानें कैंसिल कर दी गईं, जिससे वे मुश्किल में पड़ गए।
