राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ मध्यभारत प्रांत के शिक्षा वर्ग प्रारंभ: प्रांत के 31 जिलों के 801 स्वयंसेवक ले रहे हैं प्रशिक्षण…

प्रांत के 31 जिलों के 801 स्वयंसेवक ले रहे हैं प्रशिक्षण…
X

भोपाल। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, मध्यभारत प्रांत में स्वयंसेवकों के प्रशिक्षण के लिए तीन संघ शिक्षा वर्ग आयोजित किए गए हैं। इनमें मध्य भारत प्रांत के संघ रचना के 31 जिलों के 801 स्वयंसेवक शामिल हुए हैं। तरुण व्यवसायी कार्यकर्ताओं का वर्ग रायसेन, महाविद्यालयीन विद्यार्थी कार्यकर्ताओं का वर्ग सिरोंज और 40 वर्ष से अधिक आयु के स्वयंसेवकों के लिए संघ शिक्षा वर्ग विशेष का आयोजन विदिशा में किया जा रहा है।

विदिशा

समाज परिवर्तन का केंद्र बने शाखा : गुप्ता

विदिशा के संघ शिक्षा वर्ग का उद्घाटन सर्वाधिकारी हरिश्चंद्र शर्मा और मध्य भारत प्रांत के प्रांत प्रचारक विमल गुप्ता ने भारत माता की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया। यहां श्री गुप्ता ने कहा कि समाज में शाखा की भूमिका जागरण श्रेणी के माध्यम से स्पष्ट हो सके और शाखा समाज परिवर्तन का केंद्र बन सके इसलिए हम वर्ग में प्रशिक्षण लेने आए हैं। उन्होंने कहा कि वर्ग में स्वयंसेवकों को शाखा की सामाजिक भूमिका की संकल्पना की स्पष्टता, व्यवस्थापन का मूल तत्व (समय, व्यक्ति और कार्य) का प्रबंधन और संगठन की रीति-नीति का परिचय मिलेगा। उन्होंने कहा कि वर्ग में प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद हमारे जीवन में संघ संस्कार की अभिव्यक्ति का मानस बनाना चाहिए। समूह में काम करने का हमारा स्वभाव विकसित हो। संघ के वैचारिक अधिष्ठान हिंदुत्व, राष्ट्रीयता की स्पष्टता भी स्वयंसेवकों में होना चाहिए।

रायसेन

सामूहिक जीवन को समझने का अवसर है वर्ग : श्री मीणा

रायसेन में सर्वाधिकारी अशोक कुशवाह, प्रान्त कार्यवाह हेमंत सेठिया एवं प्रांत सह कार्यवाह संतोष मीणा ने वर्ग का उद्घाटन किया। यहां श्री मीणा ने कहा कि वर्ग में हमें मन की साधना, स्व-अनुशासन, त्यागपूर्ण जीवन, सामूहिक जीवन के सामंजस्य को सीखते हुए विविध प्रकार का प्रशिक्षण प्राप्त करना है। यहां हमें सामूहिक जीवन को व्यापक संदर्भ में समझने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि वर्ग में हमें स्वयं के लिए कठोर अनुशासन का पालन करना है और अपनी सुविधा से पहले सह-शिक्षार्थियों की सुविधा का ध्यान रखना है।

सिरोंज

बौद्धिक क्षमता बढ़ाते हैं वर्ग : श्री दीक्षित

सिरोंज में महाविद्यालयीन विद्यार्थी संघ शिक्षा वर्ग का उद्घाटन वर्गाधिकारी प्रहलाद सबनानी, वर्ग कार्यवाह त्रिवेश लोधी, वर्ग पालक सुरेन्द्र सिंह एवं प्रांत सह कार्यवाह विजय दीक्षित ने किया। यहां श्री दीक्षित ने कहा कि संघ शिक्षा वर्ग में हम विशेष प्रशिक्षण प्राप्त करते हैं, जिससे हमें संघ कार्य की स्पष्टता मिलती है। वर्ग कार्यकर्ता की बौद्धिक क्षमता को बढ़ाते हैं। संघ के स्वयंसेवक को सांस्कृतिक एवं सामाजिक योद्धा बनना पड़ेगा। उसके लिए भारत को जानो, भारत की मानो और भारत के बनो।

वर्ग स्वयंसेवक

विदिशा - 183

रायसेन - 235

सिरोंज - 383

यह प्रशिक्षण लेंगे स्वयंसेवक

शारीरिक

बौद्धिक

व्यवस्था

प्रबंधन

सेवा

संस्कार

योग-व्यायाम

दंड संचालन

नियुद्ध

खेल

Tags

Next Story