दिग्विजय सिंह के भाई लक्ष्मण सिंह होंगे कांग्रेस से बाहर!: पार्टी विरोधी बयान देने को लेकर कार्रवाई की तैयारी

पार्टी विरोधी बयान देने को लेकर कार्रवाई की तैयारी
X

विशेष संवाददाता, भोपाल। प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह के छोटे भाई लक्ष्मण सिंह को कांगे्रस से बाहर करने की तैयारी है। लगातार पार्टी विरोधी बयान देने के चलते लक्ष्मण सिंह का निष्कासन हो सकता है। पिछले महीने पहलगाम आतंकी हमले के बाद लक्ष्मण सिंह ने राहुल गांधी, उमर अब्दुल्ला और राबर्ट वाड्रा को लेकर बयान दिया था। जिस पर पार्टी ने लक्ष्मण सिंह को नोटिस दिया था। पार्टी जवाब से संतुष्ट नहीं है। ऐसे में उनको बाहर का रास्ता दिखाया जा सकता है।

पार्टी की अनुशासन समिति के अध्यक्ष और सांसद तारिक अनवर ने लक्ष्मण सिंह के बयान को गंभीरता से लेते हुए 9 मई को लक्ष्मण सिंह को नोटिस जारी किया था और उनसे 10 दिनों के भीतर जवाब देने को कहा गया था। बताया गया कि लक्ष्मण सिंह को भेजे गए नोटिस का जवाब अनुशासन समिति को मिल चुका है। अनुशासन समिति ने उनके जवाब को असंतोषजनक करार देते हुए उन पर कड़ी कार्रवाई की सिफारिश का मन बना लिया है।

ऐसे में अनुशासन समिति की अनुशंसा पर लक्ष्मण सिंह को पार्टी से बाहर किया जा सकता है। यह पहली बार नहीं है कि लक्ष्मण सिंह ने पार्टी और पार्टी नेताओं को लेकर बयान दिया है। इससे पहले भी वे कई बार बयान दे चुके हैं। ऐसे में कांग्रेस के भीतर यह माना जा रहा है कि लक्ष्मण सिंह के बयानों से पार्टी की छवि को नुकसान पहुंच रहा है और वह संगठन में बार-बार असहजता का कारण बनते जा रहे हैं।

दिग्विजय सिंह को लेकर दे चुके हैं बयान

लक्ष्मण सिंह कई बार पार्टी नेताओं को बयान देते रहे हैं। यहां तक कि उन्होंने अपने बड़े भाई दिग्विजय सिंह को लेकर भी बयान दिया था। गुना में पार्टी की हार के बाद लक्ष्मण ने अपने बयान से दिग्विजय सिंह पर निशाना साधा था। इसके बाद वे कई बार पार्टी नेताओं को लेकर बयान दे चुके हैं। उल्लेखनीय है कि लक्ष्मण सिंह 2003 में विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की हार के बाद भाजपा में शामिल हो गए थे। वे 2004 में राजगढ़ सीट से भाजपा के टिकट पर सांसद रहे। हालांकि बाद में वे फिर कांग्रेस में लौट गए थे।

Tags

Next Story