Home > राज्य > मध्यप्रदेश > भोपाल > दिग्विजय-कमलनाथ ने भाजपा नेता सारंग को दी श्रद्धांजलि

दिग्विजय-कमलनाथ ने भाजपा नेता सारंग को दी श्रद्धांजलि

दिग्विजय-कमलनाथ ने भाजपा नेता सारंग को दी श्रद्धांजलि
X

भोपाल। भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व राज्यसभा सांसद कैलाश सारंग के निधन पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह और कमलनाथ ने दुख व्यक्त किया है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना करते हुए सारंग परिवार के प्रति शोक संवेदनाएं व्यक्त की हैं। वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह नेट्वीट करते हुए कहा कि - 'कैलाश सारंग जी के दु:खद देहांत समाचार सुनकर बेहद दुख हुआ है। मेरे और उनके बीच में विचारधारा में भिन्नता के बावजूद निजी पारिवारिक संबंध रहे हैं। हमारी ओर से सारंग परिवार को संवेदनाएं। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें।'

वहीं, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने ट्वीट करते हुए कहा है कि -'भाजपा के वरिष्ठ नेता, पूर्व सांसद श्री कैलाश सारंग के दुखद निधन का समाचार प्राप्त हुआ। परिवार के प्रति मेरी शोक संवेदनाएं। ईश्वर उन्हें अपने श्रीचरणो में स्थान व पीछे परिजनो को यह दु:ख सहने की शक्ति प्रदान करे।'

बता दें कि वरिष्ठ भाजपा नेता कैलाश सारंग का शनिवार को मुम्बई के अस्पताल में उपचार के दौरान निधन हो गया था। रविवार को मुम्बई से विमान द्वारा सुबह 9.35 बजे उनका पार्थिव शरीर भोपाल पहुंचा। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दिवंगत नेता स्व. कैलाश सारंग जी का पार्थिव शरीर स्टेट हैंगर भोपाल पहुंचने पर श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री ने उनके पार्थिव शरीर को कंधा भी दिया और स्व. कैलाश सारंग के दोनों बेटों विवेक सारंग व विश्वास सारंग के साथ ही परिवार के शोकाकुल सदस्यों को ढाढस बंधाया। इसके बाद 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक मंत्री विश्वास सारंग के स्वामी दयानंद नगर स्थित निवास पर स्व. कैलाश सारंग का पार्थिव शरीर दर्शनार्थ रखा गया है। दोपहर 2.30 बजे उनका पार्थिव शरीर भाजपा कार्यालय ले जाया जाएगा, जहां 3.30 बजे तक अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा। इसके बाद भाजपा कार्यालय से उनकी अंतिम यात्रा निकलेगी और शाम चार बजे सुभाष नगर विश्राम घाट पर उनकी अंत्येष्टि होगी।




Updated : 12 Oct 2021 11:14 AM GMT
Tags:    
author-thhumb

स्वदेश डेस्क

वेब डेस्क


Next Story
Top