Home > राज्य > मध्यप्रदेश > भोपाल > प्रदेश में शराब माफियाओं को पूरी तरह नेस्तनाबूद करना है : शिवराज सिंह

प्रदेश में शराब माफियाओं को पूरी तरह नेस्तनाबूद करना है : शिवराज सिंह

मंत्रिपरिषद की बैठक हुई आयोजित

प्रदेश में शराब माफियाओं को पूरी तरह नेस्तनाबूद करना है : शिवराज सिंह
X

भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि अनेक विभाग जनकल्याण से जुड़े श्रेष्ठ कार्य कर रहे हैं। अनेक नवाचार अपनाए गए हैं। इनकी जानकारी आमजन तक पहुंचे इसके लिए मंत्रिगण नेतृत्व करते हुए ऐसी गतिविधियों से अवगत करवाएं। अच्छे कामों का विवरण प्राप्त कर अन्य विभाग और व्यक्ति भी इस दिशा में प्रेरित होते हैं। उक्‍त बातें मुख्यमंत्री चौहान ने मंगलवार को मंत्रालय में मंत्रि-परिषद की बैठक से पहले मंत्रि-परिषद सदस्यों को संबोधित करते हुए कही।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में आज मंत्रालय में मंत्रिपरिषद की औपचारिक बैठक हुई। इससे पहले उन्होंने सभी मंत्रियों ने वन-टू-वन चर्चा करते हुए कहा कि राज्य में शराब माफियाओं को पूरी तरह नेस्तनाबूद करना है।

मुख्यमंत्री ने मंत्री परिषद की बैठक से पहले मंत्रियों से कहा कि प्रदेश में शराब माफियाओं को पूरी तरह कुचलना है। माफियाओं के खिलाफ अभियान निरंतर जारी रहेगा और उन्हें पूरी तरह समाप्त करके ही चैन की सांस लेंगे। उन्होंने कहा कि स्थानांतरण नीति पर विचार करेंगे, अप्रैल माह में रोक हटाएंगे। मानवीय, प्रशासनिक आधार पर एक पारदर्शी व्यवस्था लागू करने का प्रयास होगा। प्रत्येक विभाग समीक्षा कर आवश्यक तैयारी कर ले। बजट के संदर्भ में भी प्रत्येक विभाग योजनाओं की समीक्षा कर लें।

आयडिया सुझाएं, निर्णय लेंगे

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि मंत्रिगण अपने विभाग से संबंधित एक विशेष नवाचार या कार्य का आयडिया भी प्रस्तुत करें। हम नीति निर्माता हैं। मंत्रियों को विभाग की गतिविधियों के साथ ही शासन की महत्वपूर्ण गतिविधियों की जानकारी भी रहे तो श्रेयस्कर होगा। अन्य विभागों के कार्यों से भी मंत्री अवगत रहें। मंत्रियों द्वारा प्रस्तुत आयडिया के संबंध में विचार-विमर्श कर निर्णय भी लिया जाएगा। क्रमानुसार सभी विभागों के प्रस्तुतिकरण होंगे।

गेहूँ के बाद व्यवस्थित धान खरीदी की उपलब्धि -

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि मध्यप्रदेश में रिकार्ड तोड़ गेहूँ खरीदी हुई थी। मध्यप्रदेश, देश में सर्वाधिक उपार्जन वाला राज्य बना। इसी तरह धान की खरीदी भी ऐतिहासिक रही। मध्यप्रदेश का किसान संतुष्ट है। किसानों को समय पर राशि का भुगतान हुआ। प्रदेश में धान के उपार्जन का कार्य व्यवस्थित रूप से संपन्न हुआ। मंत्रिगण भी बधाई के पात्र हैं। सभी के सहयोग से यह उपलब्धि मिली है।

कुचलना है माफियाओं को

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि प्रदेश में शराब माफियाओं को पूरी तरह कुचलना है। मुरैना में जहरीली शराब के सेवन से हुई मौतें दु:ख और दुर्भाग्य का विषय हैं। शासन ने शराब माफियाओं के विरुद्ध अभियान शुरु किया है जो जारी रहेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि हर तरह के माफियाओं को पूरी तरह समाप्त करके ही हम चैन की सांस लेंगे। समय-समय पर कमिश्नर्स और आईजी स्तर के अधिकारियों से संवाद कर प्रदेश में विभिन्न तरह के माफिया और मिलावटियों के विरुद्ध अभियान की प्रगति की जानकारी ली जा रही है। इस तरह की वीडियो कान्फ्रेंस निरंतर होंगी। इससे अभियान कमजोर नहीं पड़ेगा।

तबादले होंगे, लेकिन युक्ति संगत -

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि स्थानांतरण नीति पर विचार करेंगे। नीति ऐसी होगी जो युक्ति संगत रहेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि 1 से 30 अप्रैल तक स्थानांतरण से प्रतिबंध हटाया जाएगा। सिर्फ अप्रैल माह में बेन हटाएंगे। मानवीय और प्रशासनिक आधार पर एक पारदर्शी व्यवस्था लागू करने का प्रयास होगा। इसके बाद वर्ष भर स्थानांतरण नहीं होगा। इसके लिए प्रत्येक विभाग समीक्षा कर आवश्यक तैयारी कर लें।

20 जनवरी को रोजगार मेले -

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि राज्य स्तर से संबल योजना में हितग्राहियों के खातों में राशि जमा की जा रही है। पिछले महीनों में भी कोरोना संकट के समय योजनाओं का लाभ हितग्राहियों को दिलवाया गया। इस क्रम में बुधवार, 20 जनवरी को प्रदेश में रोजगार मेले लग रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन मेलों में सभी मंत्री सहभागिता करें। युवाओं को रोजगार दिलवाने के उद्देश्य से यह राज्य सरकार की ठोस पहल है।

Updated : 12 Oct 2021 11:03 AM GMT
Tags:    
author-thhumb

स्वदेश डेस्क

वेब डेस्क


Next Story
Top