Home > राज्य > मध्यप्रदेश > भोपाल > कांग्रेस एवं अन्य दल किसान आंदोलन के नाम पर भ्रम फैला रहे : मुख्यमंत्री

कांग्रेस एवं अन्य दल किसान आंदोलन के नाम पर भ्रम फैला रहे : मुख्यमंत्री

कांग्रेस एवं अन्य दल किसान आंदोलन के नाम पर भ्रम फैला रहे : मुख्यमंत्री
X

भोपाल। कृषि कानूनों के विरोध में बुलाये गए भारत बंद मध्यप्रदेश में बेअसर नजर आ रहा है। कई जिलों में छिटपुट प्रदर्शन और रैली तक ही ये बंद नजर आया। इसी बीच मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने ट्वीट कर कांग्रेस और अन्य दलों पर किसानों में भ्रम फैलाने और गुमराह करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा की कांग्रेस सहित अन्य विपक्षी दल किसान आंदोलन के नाम पर भ्रम फैलाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन उनके इस प्रयास को सफल नहीं होने दिया जाएगा।

प्रदेश में भारत बंद का असर नहीं दिख रहा -

मुख्यमंत्री चौहान ने ट्वीट कर कहा कि कांग्रेस और विपक्षी पार्टियां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मुकाबला मैदान में नहीं कर सकते हैं, इसलिए ये भ्रम फैलाकर राजनीतिक लाभ उठाने की कोशिश कर रहे हैं। चौहान ने कहा कि गलतफहमी फैलाने की विपक्ष की कोशिश को हम सफल नहीं होने देंगे। गौरतलब है कि सोमवार को हैदराबाद में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में भी मुख्यमंत्री चौहान ने भारत बंद को लेकर कांग्रेस और विपक्षी दलों पर तीखा हमला किया था और बताया था कि तमाम विपक्षी दल पहले उन प्रावधानों का समर्थन कर चुके हैं, जो कृषि कानूनों में शामिल हैं।

कृषि कानूनों के पक्ष में हैं प्रदेश के किसान -

उन्होंने अगले ट्वीट में कहा कि राज्य के किसान तीनों कृषि कानूनों के पक्ष में हैं। किसानों के पक्ष में किए जा रहे सुधार फायदेमंद हैं, यह बात यहां के किसान भी समझते हैं। चौहान ने कहा कि देश के बहुत बड़े हिस्से में आंदोलन नहीं है। मध्यप्रदेश में किसान पूरी तरह संतुष्ट हैं। हम मानते हैं कि एक भी किसान के मन में शंका है तो उस पर चर्चा होना चाहिए और वह हो भी रही है। उन्होंने ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार संजीदा है और किसानों के हित के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा। किसानों से बात करके उनकी हर शंका का समाधान करने के लिए कारगर कदम उठाए जाएंगे।



Updated : 12 Oct 2021 11:08 AM GMT
Tags:    
author-thhumb

स्वदेश डेस्क

वेब डेस्क


Next Story
Top