Home > राज्य > मध्यप्रदेश > भोपाल > मुख्यमंत्री का कांग्रेस पर वार, कहा - " जनजातीय भाई-बहनों के लिए कुछ नहीं किया "

मुख्यमंत्री का कांग्रेस पर वार, कहा - " जनजातीय भाई-बहनों के लिए कुछ नहीं किया "

मुख्यमंत्री चौहान ने जनजातीय गौरव दिवस का शुभारंभ किया

मुख्यमंत्री का कांग्रेस पर वार, कहा -  जनजातीय भाई-बहनों के लिए कुछ नहीं किया
X

भोपाल। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में सोमवार को जनजातीय गौरव दिवस के मौके पर आयोजित जनजातीय महासम्मेलन में पहुंच गए हैं। उन्होंने यहां मंच पर जनजातीय जननायक भगवान बिरमा मुंडा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर नमन किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान मौजूद रहे। मंच पर 13 आदिवसी नेताओं के साथ केन्द्रीय और राज्य के मंत्री एवं जनप्रतिनिधि मौजूद हैं।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। मुख्यमंत्री ने कहा की राजधानी आज जनजातीय कला, संस्कृति के रंग में रंग गई है। हर तरफ हमारे जनजातीय भाई-बहनों के आने से उत्सव सा माहौल बन गया है।मैं भगवान बिरसा मुंडा जी के चरणों में प्रणाम करता हूं। उन्होंने अंग्रेजों के अत्याचार से मुक्ति और जल, जंगल, जमीन एवं संस्कृति तथा परंपराओं की रक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया।आदरणीय प्रधानमंत्री मोदी जी ने भगवान बिरसा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस घोषित कर देश के जनजातीय नायकों का देश पर कर्ज उतार दिया है। हम सभी प्रधानमंत्री जी का आभार व्यक्त करते हैं।

हमारे जनजातीय नायकों ने देश की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व बलिदान दिया। गोंड वंश की रानी कमलापति के साथ मोहम्मद अफगानी ने धोखा दिया, लेकिन उन्होंने मान सम्मान की रक्षा के लिए जल समाधि ले ली।आदरणीय प्रधानमंत्री मोदी जी ने कोरोना से बचाव के लिए पूरे देश को वैक्सीन की सुरक्षा दी। पहले जहां जीवन रक्षक दवाइयां विदेश से आती थीं, वहीं टीकाकरण के लिए दवा भारत में ही बनवाई। हम आपका अभिनंदन करते हैं। प्रधानमंत्री जी ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कमी करते हुए पूरे देश को राहत दी है।

कांग्रेस आरोप लगाती है कि हम जनजातीय गौरव के नाम पर पैसे की बर्बादी कर रहे हैं। कांग्रेस ने तो कभी जनजातीय भाई-बहनों के लिए कुछ किया नहीं, हम आदरणीय प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में काम कर रहे हैं तो उन्हें तकलीफ हो रही है। हमारे जनजातीय भाई-बहनों राशन के लिए परेशान होने की जरूरत नहीं है। राशन गांवों तक पहुंचेगा और इसे पहुंचाने का काम जनजातीय युवा ही करेंगे, जिससे उन्हें रोजगार मिलेगा। प्रधानमंत्री मोदी ने कोरोना के दोनों लहर के दौरान मध्यप्रदेश को 9,857 करोड़ रुपये का मुफ्त राशन दिया। आज प्रधानमंत्री जी 'राशन आपके ग्राम' योजना का शुभारंभ कर आपके जीवन को और सरल बनाने का मार्ग प्रशस्त करेंगे।

सामाजिक समरसता को कायम करते हुए मध्य प्रदेश में पेसा कानून लागू किया जाएगा, जिससे हमारे जनजातीय भाई-बहनों के अधिकारों की रक्षा हो सके। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत के वैज्ञानिकों ने कोविडरोधी वैक्सीन का निर्माण किया और अब तक 107 करोड़ से अधिक डोज लोगों को लगाई जा चुकी है। मैं प्रधानमंत्री जी का हृदय से अभिनंदन करता हूं। मेरे भाइयों-बहनों, प्रधानमंत्री आपके जीवन को बदलने में प्राण-प्रण से जुटे हुए हैं। केंद्र और प्रदेश योजनाओं का लाभ आप तक पहुंचाने में मध्यप्रदेश भी पीछे नहीं रहेगा। प्रधानमंत्री ने जनजातीय भाई-बहनों के कल्याण और उत्थान के लिए कई योजनाएं बनाई हैं, जिसका मध्य प्रदेश में पालन करने में हम कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। आपके जीवन में बड़ा बदलाव लाएंगे।

Updated : 17 Nov 2021 10:24 AM GMT
Tags:    
author-thhumb

स्वदेश डेस्क

वेब डेस्क


Next Story
Top