Home > राज्य > मध्यप्रदेश > भोपाल > मुख्यमंत्री ने किया अस्पताल का निरिक्षण, जनता को ओमीक्रोन से सजग रहने का दिया संदेश

मुख्यमंत्री ने किया अस्पताल का निरिक्षण, जनता को ओमीक्रोन से सजग रहने का दिया संदेश

सीएम ने देखीं सबसे बड़े अस्पताल की व्यवस्थाएं

मुख्यमंत्री ने किया अस्पताल का निरिक्षण, जनता को ओमीक्रोन से सजग रहने का दिया संदेश
X

भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रदेश के नागरिकों को कोविड के नए वैरिएंट ओमिक्रोन से सुरक्षित करने के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध है। न सिर्फ मध्यप्रदेश बल्कि देश में इस वैरिएंट ने दस्तक दे दी। हर राज्य में ओमिक्रोन से संक्रमित नागरिकों की संख्या सामने आ रही है। मध्यप्रदेश में कोरोना के 77 प्रकरण पॉजिटिव आए हैं। इनमें सर्वाधिक इंदौर में हैं। हम समय रहते सारी व्यवस्थाएँ कर रहे हैं, ताकि हर परिस्थिति से निपटने के लिए तैयार रहें। साथ ही यह भी जरूरी है कि आमजन सभी सावधानियों का पालन कर सजग रहें। फेस मॉस्क के उपयोग, परस्पर दूरी जैसी सावधानियों का पूरा ध्यान रखा जाए।

मुख्यमंत्री चौहान ने शुक्रवार को भोपाल के हमीदिया अस्पताल के विभिन्न वार्डों का निरीक्षण करने के बाद प्रदेश की जनता के नाम संदेश दिया। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार ओमिक्रोन संक्रमण को रोकने के लिए संकल्पबद्ध है। उन्होंने कहा कि उन्होंने राजधानी के सबसे बड़े अस्पताल के निरीक्षण के साथ ही पूरे प्रदेश में बेहतर स्वास्थ्य और उपचार सुविधाओं के लिए वे स्वयं निरंतर समीक्षा कर रहे हैं, यह क्रम आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि इस समय प्रदेश में विभिन्न शासकीय और निजी अस्पतालों में करीब 60 हजार बिस्तर क्षमता उपलब्ध है। कोविड केयर सेंटर भी तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं।

आवश्यकता के अनुसार हो ऑक्सीजन उपयोग -

मुख्यमंत्री ने कहा कि ऑक्सीजन की आवश्यकता का आकलन कर आवश्यक व्यवस्थाएँ की गई हैं। ऑक्सीजन के उपयोग का ऑडिट भी अब किया जाएगा, ताकि अनावश्यक ऑक्सीजन की खपत न हो। आम जनता के साथ मिलकर पूरी ताकत से ओमिक्रॉन का मुकाबला किया जाएगा।

वैरिएंट स्वरूप न बदले, हम सब रहें सजग -

उन्होंने कहा कि प्रदेश में सभी अस्पतालों में आवश्यक व्यवस्थाओं के निरीक्षण के निर्देश दिए गए हैं। पर्याप्त औषधियों की व्यवस्था के लिए भी कहा गया है। संक्रमण की स्थिति की प्रतिदिन समीक्षा की जा रही है। वैरिएंट के स्वरूप बदलने की आशंका को ध्यान में रखकर रोगी संख्या बढ़ने और उनके उपचार के लिए जरूरी व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए आवश्यक कार्य सम्पन्न किए जा रहे हैं। हम सभी को सजग बने रहना है।

डॉक्टर्स और स्टाफ से किया आव्हान -

उन्होंने प्रदेश के सभी डॉक्टर्स और पैरामेडिकल स्टाफ का आव्हान किया कि वे एक बार फिर कर्तव्य निर्वहन के लिए तत्पर रहें। यह परीक्षा की घड़ी है, हम सभी को मिलकर जनता को संकट से बाहर सुरक्षित ढंग से निकालकर लाना है।

वैक्सीनेशन कार्य को मिली गति -

मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश वैक्सीनेशन के कार्य में गतिशील है। प्रदेश के करीब सवा पाँच करोड़ लोगों को प्रथम और करीब पाँच करोड़ लोगों को वैक्सीन का दूसरा डोज़ लग चुका है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देशवासियों को मुफ्त वैक्सीन उपलब्ध करवाकर सभी के स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित की है। अब 15 से 18 वर्ष के बच्चों और 60 वर्ष से अधिक आयु के रोगग्रस्त नागरिकों को टीका लगाने का कार्य प्रारंभ हो रहा है। प्रदेश के विद्यालयों में बच्चों के लिए टीकाकरण केन्द्र संचालित होंगे। इसके लिए भी स्वास्थ्य कर्मियों को आवश्यक प्रशिक्षण देने का कार्य हुआ है। व्यवस्थाओं पर नजर रखते हुए हम सभी को सजग और सक्रिय रहना है।

Updated : 31 Dec 2021 1:49 PM GMT
Tags:    
author-thhumb

स्वदेश डेस्क

वेब डेस्क


Next Story
Top