Home > राज्य > मध्यप्रदेश > भोपाल > मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने पूरे किए 63 बसंत, प्रधानमंत्री ने अनूठे अंदाज में दी बधाई

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने पूरे किए 63 बसंत, प्रधानमंत्री ने अनूठे अंदाज में दी बधाई

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने पूरे किए 63 बसंत, प्रधानमंत्री ने अनूठे अंदाज में दी बधाई
X

भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान शनिवार, 05 मार्च को अपना 63वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस अवसर पर उन्हें प्रधानमंत्री से लेकर केन्द्रीय मंत्रियों, जनप्रतिनिधियों और अन्य लोगों ने शुभकामनाएं दी हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ट्वीट के माध्यम से उन्हें अनूठे अंदाज में शुभकामना दी है।

प्रधानमंत्री मोदी ने शुक्रवार को ट्वीट के माध्यम से मुख्यमंत्री चौहान को जन्मदिन की बधाई देते हुए कहा है -"विकासोन्मुखी नेतृत्व, प्रशासनिक कौशल और विनम्रता ने उन्हें अनगिनत लोगों का दुलारा बनाया है। उनके लंबे और स्वस्थ जीवन की प्रार्थना करता हूं।" मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान आज अपना 63वां जन्मदिन पौधरोपण के साथ मना रहे हैं। इस मौके पर वे राजधानी भोपाल में कई जगह पौधे लगाएंगे। भेल के जंबूरी मैदान में वृहद पौधारोपण कार्यक्रम शाम पांच बजे आयोजित किया जाएगा, जिसमें आम, नीम, पीपल, इमली, अशोक सहित कई प्रजातियों के पौधे रोपे जाएंगे।

मुख्यमंत्री चौहान ने ट्वीट के माध्यम से कहा है कि -"मध्य प्रदेश की प्राणदायिनी मां नर्मदा की जयंती पर गत वर्ष मैंने प्रतिदिन एक पौधा लगाने का संकल्प लिया था। साथ ही लोगों से आह्वान किया था कि किसी भी शुभ अवसर पर पौधा अवश्य लगाएं। मैं अपने इस संकल्प के क्रम में प्रतिदिन पौधरोपण कर रहा हूं। आज मेरा जन्मदिन है, तो मैं परिवार संग पौधरोपण करूंगा।" उन्होंने आगे कहा है, "आपसे अनुरोध है कि शुभ अवसर पर पौधा अवश्य लगाएं। कोई भी शुभ अवसर तभी सार्थक होगा, जब हम प्रकृति से जुड़ेंगे। आइए, हम सब प्रण करें कि प्रत्येक शुभ अवसर पर पौधरोपण अवश्य करेंगे। इसमें अप्रतिम सुख भी है और सार्थकता भी।"

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने भी मुख्यमंत्री चौहान को जन्मदिन की बधाई दी है। उन्होंने ट्वीट किया -"मध्य प्रदेश की जनता के हित के लिए समर्पित, विकास पुरुष, जननायक यशस्वी मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। आपके कुशल नेतृत्व में हमारा मध्य प्रदेश आत्मनिर्भर होने के साथ ही विकास पथ पर तेज़ गति से अग्रसर है। प्रदेश सरकार की गरीब कल्याणकारी योजनाओं से जनता का जीवन स्तर बेहतर हो रहा है। एक बीमारू और पिछड़े राज्य से उबरकर मध्य प्रदेश अब देश के अग्रणी और स्वर्णिम प्रदेश के रूप में पहचाना जा रहा है। बाबा महाकाल से कामना है कि आपको उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु जीवन प्रदान करें।"

गृह मंत्री डा. नरोत्तम मिश्रा ने जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए कहा है कि -'जनता ही जनार्दन' को ध्येय मानकर राजनीति को जनसेवा का माध्यम बनाने वाले प्रदेश के ऊर्जावान और जनप्रिय मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। आपके सक्षम नेतृत्व में तेजी से विकास के पथ पर बढ़ते हुए हमारा प्रदेश आत्मनिर्भर होने के लक्ष्य की दिशा में अग्रसर है। मां पीतांबरा से आपके उत्तम स्वास्थ्य, खुशहाल एवं दीर्घायु जीवन की कामना करता हूँ।

Updated : 9 March 2022 12:25 PM GMT
Tags:    
author-thhumb

स्वदेश डेस्क

वेब डेस्क


Next Story
Top