Home > राज्य > मध्यप्रदेश > भोपाल > शादी के बाद दुल्हन की रिपोर्ट आई पॉजिटिव, दूल्हा सहित बाराती हुए क्वारंटाइन

शादी के बाद दुल्हन की रिपोर्ट आई पॉजिटिव, दूल्हा सहित बाराती हुए क्वारंटाइन

शादी के बाद दुल्हन की रिपोर्ट आई पॉजिटिव, दूल्हा सहित बाराती हुए क्वारंटाइन
X

भोपाल। प्रदेश की राजधानी भोपाल में हुई एक शादी के तीन दिन बाद दुलहन के संक्रमित मिलने से हड़कंप मच गया है। दुल्हन के संक्रमित मिलने के बाद दूल्हे सहित दुल्हन के संपर्क में आये 32 लोगों को क्वारंटाइन कर दिया गया है। प्रदेश में रेड जोन में शामिल भोपाल से दुल्हन शादी कर ग्रीन जोन में शामिल जिले रायसेन गई थी। इसलिए रायसेन में संक्रमण का पहला मामला निकलने से हड़कंप मचा हुआ है।

दरअसल, भोपाल के जाटखेड़ी इलाके में सोमवार को यह शादी हुई थी। शादी के लिए बारात पडोसी जिले रायसेन से आई थी। दुल्हन के संक्रमित मिलने से ग्रीन जोन रायसेन सहित राजधानी का जाटखेड़ी इलाका भी संक्रमण की चपेट में आ गया है। जानकारी के अनुसार दुल्हन को करीब 7 दिन पहले बुखार आया था जो दवा लेने से उतर गया था। हालांकि, परिवार ने एहतियात बरतते हुए शनिवार को उसका सैंपल जांच के लिए भेजा, लेकिन इस बीच तय तारीख सोमवार को युवती की शादी हो गयी। उसके तीसरे दिन बुधवार को रिपोर्ट आयी जो कोरोना पॉजिटिव निकली। जिसके बाद दूल्हा एवं शादी कराने वाले पंडित जी को ही क्वारनटाइन कर दिया गया है। दोनों पक्षों के 32 लोगों के सैंपल लेकर जाँच के लिए भेज दिए है।

दुल्हन के ससुराल जिले रायसेन में भी हड़कंप मचा हुआ है। प्रशासन ने सभी को अपने अपने घरों में रहने की हिदायत दी है। इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग की टीम ने दुल्हन के संपर्क में आए लोगों की लिस्ट भी तैयार की है। सबसे पूछा जा रहा है कि वो लोग शादी के बाद किन-किन लोगों के संपर्क में आए। सभी की जानकारी जुटाई जा रही है।

बसों से नहीं आएगी बारात -

भोपाल में हुई इस शादी में दुल्हन के संक्रमित मिलने के बाद गृहमंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा ने बारात और शादीयों को लेकर नए आदेश जारी कर दिए है। जिसके बाद कोई भी बारात बस से नहीं जाएगी। यदि निर्धारित संख्या एवं बस द्वारा कोई बारात एक जिले से दूसरे जिले में यात्रा करती है तो बारात के खिलाफ एफआईआर कराई जाएगी।


Updated : 27 May 2020 8:00 AM GMT
Tags:    
author-thhumb

स्वदेश डेस्क

वेब डेस्क


Next Story
Top