Home > राज्य > मध्यप्रदेश > भोपाल > अधीर रंजन के खिलाफ भाजपा ने निकाला पैदल मार्च, लोकसभा से बर्खास्त करने की उठाई मांग

अधीर रंजन के खिलाफ भाजपा ने निकाला पैदल मार्च, लोकसभा से बर्खास्त करने की उठाई मांग

अधीर रंजन के खिलाफ भाजपा ने निकाला पैदल मार्च, लोकसभा से बर्खास्त करने की उठाई मांग
X

भोपाल। कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के लिए अत्यंत अमर्यादित, आपत्तिजनक और संवैधानिक शब्दों का प्रयोग कर न सिर्फ महिलाओं की गरिमा और आत्म सम्मान को ठेस पहुंचायी है, बल्कि भारत के सर्वोच्च संवैधानिक पद का भी अपमान किया है। अधीर रंजन द्वारा की गई टिप्पणी कांग्रेस के मूल चरित्र और संपूर्ण जनजातीय समाज के प्रति कांग्रेस की सोच को उजागर करती है। इस कृत्य के लिए लोकसभा में कांग्रेस दल के नेता अधीर रंजन पर कठोर कार्यवाही होनी चाहिए और सदन की सदस्यता भी बर्खास्त करना चाहिए। देश की 130 करोड़ जनता अधीर रंजन चौधरी को उनके इस कृत्य का जवाब जरूर देगी।


यह बात भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने गुरुवार को भोपाल के कुशाभाऊ कन्वेंसिंग सेंटर स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष धरने को संबोधित करते हुए कही। शर्मा ने संबोधन के पूर्व महात्मा गांधी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। धरने के पश्चात उनके नेतृत्व में पार्टी के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता पैदल मार्च करते हुए राजभवन पहुंचे और कांग्रेस नेता अधीर रंजन की सदस्यता समाप्त किए जाने के लिए राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा।

अनुसूचित जनजाति महिला का राष्ट्रपति बनना कांग्रेस को नहीं पच रहा

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने कहा कि आजादी के 75 वर्षों में से कांग्रेस ने 55 वर्षों तक देश में राज किया लेकिन कभी भी कांग्रेस ने अनुसूचित जाति और जनजाति वर्ग को देश के सर्वोच्च पदों पर नहीं पहुंचने दिया। डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम और रामनाथ कोविन्द को देश का राष्ट्रपति बनाकर एनडीए ने अल्पसंख्यक और अनुसूचित जाति वर्ग को सर्वोच्च पद पर पहुंचाया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने और एनडीए ने आजादी के अमृत महोत्सव के अवसर पर अनुसूचित जनजाति समाज की बहन द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति बनाकर भारत में इतिहास बनाया। लेकिन दुर्भाग्य है कि कांग्रेस इसको पचा नहीं पा रही है। सोनिया गांधी से देश का जनमानस पूछता है कि कांग्रेस के पेट में इतना दर्द क्यों है? कांग्रेस नेता ने जिस प्रकार राष्ट्रपति के विरूद्ध अनर्गल टिप्पणी की है उससे पूरा देश आंदोलित है।

अधीर रंजन जैसे अपराधी को संसद में बैठने का हक नहीं

विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि द्रौपदी मुर्मू के राष्ट्रपति बनने से देश की 130 करोड़ जनता हर्षोल्लास के साथ उनका स्वागत और सम्मान कर रही है, लेकिन कांग्रेस नेता संवैधानिक पद और जनजाति महिला का अपमान कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सर्वोच्च संवैधानिक पद के विरूद्ध अमर्यादित टिप्पणी करने वाले अधीर रंजन चौधरी को संसद में बैठने का हक नहीं है। मैं लोकसभा अध्यक्ष से अपील करता हूं कि वे अधीर रंजन की सदस्यता बर्खास्त करे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने देश के संवैधानिक पद और महिलाओं का जो अपमान किया है, उसके लिए सोनिया गांधी को पूरे देश से माफी मांगना चाहिए।

पैदल मार्च करते हुए राजभवन पहुंचे नेता

विष्णुदत्त शर्मा के नेतृत्व में मिंटो हाल से पार्टी के नेता एवं जनप्रतिनिधि सहित कार्यकर्ता पैदल मार्च करते हुए राजभवन रवाना हुए। पार्टी नेताओं ने तिरंगा झण्डे के साथ नारे लिखे तख्ती हाथों में अधीर रंजन को बर्खास्त करो और राष्ट्रपति का अपमान नहीं सहेगा हिन्दुस्तान के नारे लगा रहे थे। राजभवन पहुचंकर शर्मा के नेतृत्व में पार्टी नेताओं ने कांग्रेस दल के नेता अधीर रंजन चौधरी की लोकसभा की सदस्यता बर्खास्त करने के लिए लोकसभा अध्यक्ष के नाम राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा।

यह थे पैदल मार्च के दौरान उपस्थित

इस अवसर पर प्रदेश शासन के मंत्री विश्वास सारंग, पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष कांतदेव सिंह, सीमा सिंह जादौन, पंकज जोशी, प्रदेश महामंत्री भगवानदास सबनानी, विधायक रामेश्वर शर्मा, महापौर मालती राय, प्रदेश मंत्री राहुल कोठारी, प्रदेश कार्यालय मंत्री डॉ. राघवेन्द्र शर्मा, प्रदेश मीडिया प्रभारी लोकेन्द्र पाराशर, जिला अध्यक्ष सुमित पचौरी, पूर्व विधायक ध्रुवनारायण सिंह, सुरेन्द्रनाथ सिंह, विकास विरानी, प्रदेश प्रवक्ता नेहा बग्गा सहित जिला पदाधिकारी, पार्षद एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Updated : 6 Aug 2022 5:20 PM GMT
Tags:    
author-thhumb

स्वदेश डेस्क

वेब डेस्क


Next Story
Top