Home > राज्य > मध्यप्रदेश > भोपाल > किसानों के लिए समर्पित शिवराज सरकार, गुमराह कर रही कांग्रेसः वीडी शर्मा

किसानों के लिए समर्पित शिवराज सरकार, गुमराह कर रही कांग्रेसः वीडी शर्मा

किसानों के लिए समर्पित शिवराज सरकार, गुमराह कर रही कांग्रेसः वीडी शर्मा
X

भोपाल। प्रदेश की शिवराज सरकार किसानों की बेहतरी के लिए केंद्र की मोदी सरकार के साथ कदम से कदम मिलाकर काम कर रही है और उनकी भलाई के लिए समर्पित है। दूसरी तरफ कांग्रेस सिर्फ किसानों का उपयोग करना जानती है और उसकी रुचि सिर्फ किसानों को गुमराह करके राजनीतिक लाभ उठाने में है। यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान द्वारा किसानों के खातों में किसान कल्याण योजना की राशि पहुंचाए जाने पर हर्ष व्यक्त करते हुए कही।

उन्होंने कहा कि जिस तरह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार किसानों की चिंता करते हुए उनके लिए विभिन्न योजनाएं ला रही है, उसी तरह मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने भी अपने नौ महीने के कार्यकाल किसान हितैषी कई कदम उठाए हैं। मुख्यमंत्री चौहान ने पद संभालते ही किसानों की फसल बीमा और मुआवजे के राशि उनके खातों में पहुंचाई। अधिक से अधिक किसानों से समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदा जा सके इसके प्रबंध किए तथा खरीफ की फसलों की खरीदी के लिए भी निर्देश जारी किए। सांसद शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री चौहान ने केंद्र सरकार की तर्ज पर किसानों को प्रदेश सरकार की ओर से भी 4 हजार रुपये की सम्मान निधि देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि गुरुवार को पांच जिलों के हजारों किसानों के खातों में 100 करोड़ रुपये की राशि डालकर मुख्यमंत्री चौहान ने इस योजना पर अमल भी शुरू कर दिया है।

कांग्रेस ने किसान की बेहतरी के लिए नहीं उठाया कोई कदम -

शर्मा ने कहा कि दूसरी तरफ कांग्रेस ने अपने शासनकाल में किसानों की बेहतरी के लिए एक भी ठोस कदम नहीं उठाया। उसकी नीयत हमेशा राजनीतिक लाभ के लिए किसानों का उपयोग करने की रही है। अपने फायदे के लिए वह किसानों को भड़काने और गुमराह करने से भी बाज नहीं आती है। दो साल पहले कांग्रेस ने यही काम मध्यप्रदेश में किया था और अब पंजाब से लेकर दिल्ली तक कर रही है। किसानों के हित में केंद्र सरकार द्वारा बनाए गए कानूनों को किसान विरोधी बताकर किसानों को भड़का रही है। शर्मा ने कहा कि देश का किसान अब यह पहचानने लगा है कि कौन उसका वास्तविक हितैषी है और कौन उसका उपयोग करना चाहता है। इसलिए कांग्रेस चाहे जितनी कोशिश कर ले, लेकिन देश और प्रदेश के किसान उसके बहकावे में नहीं आने वाले।

Updated : 12 Oct 2021 11:09 AM GMT
Tags:    
author-thhumb

स्वदेश डेस्क

वेब डेस्क


Next Story
Top