वीडी शर्मा ने राहुल गांधी से किया सवाल, कहा- बताए नेशनल हेराल्ड के लेनदेन का पैसा कहां गया

भोपाल। नेशनल हेराल्ड मामले में राहुल गांधी द्वारा यह कहा जाना कि जो हुआ है, वह हमने नहीं मोतीलाल वोरा ने किया है, उन आरोपों को स्वीकार करना है, जिनके संबंध में ईडी द्वारा जांच की जा रही है। जो हुआ वो हमने नहीं किसी और ने किया है, ऐसा कहकर राहुल गांधी इस मामले की जिम्मेदारी से बच नहीं सकते। उन्हें देश को यह बताना चाहिए कि नेशनल हेराल्ड मामले में जो लेनदेन हुआ है, उसका पैसा वोरा जी ले गए या फिर गांधी परिवार के पास है। यह बात भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने मीडिया से चर्चा करते हुए कही।
राहुल गांधी द्वारा मोती लाल वोहरा जी को जिम्मेदार बताना, यह स्पष्ट करता है कि ईडी द्वारा लगाए गए सभी आरोपों को राहुल गांधी ने स्वीकार कर लिया है। यह इस देश का दुर्भाग्य है कि सच छुपाने के लिए कांग्रेस द्वारा ईडी व जनता को गुमराह किया जा रहा था। : प्रदेश अध्यक्ष श्री @vdsharmabjp pic.twitter.com/YRCjNc0A7w
— BJP MadhyaPradesh (@BJP4MP) June 16, 2022
देश को गुमराह किया
प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने कहा कि इस मामले में कांग्रेस पार्टी और उसके नेताओं ने पूरे देश को गुमराह किया। लोगों को भड़काया। ईडी की कानून सम्मत कार्रवाई को राजनीति से प्रेरित कार्रवाई बताकर जांच एजेंसी का अपमान किया। अब इसी मामले में राहुल गांधी खुद को बेकसूर बताते हुए मोतीलाल वोरा का नाम ले रहे हैं। लेकिन पूरा देश जानता है कि मोतीलाल वोरा गांधी परिवार के ही सिपहसालार थे। इसलिए राहुल गांधी उनका नाम लेकर बच नहीं सकते और इस मामले को उनके ऊपर टाल नहीं सकते। शर्मा ने कहा कि राहुल गांधी की इस स्वीकारोक्ति से वे सभी आरोप सिद्ध हो चुके हैं, जो ईडी ने उनके ऊपर लगाए थे। इसलिए अब ईडी और सरकार को पूरी गंभीरता से उनके खिलाफ कानून सम्मत कार्रवाई करना चाहिए।
कांग्रेस के चरित्र को उजागर करता है पूर्व मंत्री वर्मा का व्यवहार
कांग्रेस नेता और पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा द्वारा एक पार्टी कार्यकर्ता से अपशब्द कहे जाने को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि कमलनाथ के करीबी समझे जाने वाले कांग्रेस नेता, जो कमलनाथ सरकार में मंत्री भी रहे हैं, इस तरह की अभद्र भाषा का प्रयोग करते हैं। शर्मा ने कहा कि अपनी ही पार्टी के महापौर प्रत्याशी को लेकर पूर्व मंत्री वर्मा ने जो बातें कही हैं, जिस तरह के अपशब्दों का प्रयोग किया है, वही कांग्रेस का असली चरित्र है और इसी के चलते कांग्रेस का अस्तित्व समाप्त हो रहा है। शर्मा ने कहा कि प्रदेश की जनता कांग्रेस के इस चरित्र को भलीभांति जानती है और पंचायत तथा नगर निकाय चुनावों में कांग्रेस को इसका जवाब देने की तैयारी कर रही है।
