Home > राज्य > मध्यप्रदेश > भोपाल > भाजपा सांसद नंद कुमार सिंह पंचतत्व में विलीन, नम आंखों से लोकप्रिय नेता की विदाई

भाजपा सांसद नंद कुमार सिंह पंचतत्व में विलीन, नम आंखों से लोकप्रिय नेता की विदाई

बुरहानपुर जिला अस्पताल और खंडवा मेडिकल कालेज उनके नाम से जाना जाएगा

भाजपा सांसद नंद कुमार सिंह पंचतत्व में विलीन, नम आंखों से लोकप्रिय नेता की विदाई
X

भोपाल। भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं खंडवा सांसद नन्द कुमार सिंह चौहान नंदु भैया' आज पंचतत्व में विलीन हो गए। उनके पैतृक गांव शाहपुर में बुधवार दोपहर में उनका अंतिम संस्कार किया गया। उनके बेटे हर्षवर्धन सिंह चौहान ने उन्हें मुखाग्नि दी। इस दौरान हजारों लोगों ने अपने लोकप्रिय नेता को नम आंखों से अंतिम विदाई दी। इससे पहले श्रद्धांजलि सभा में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने घोषणा करते हुए कहा कि नंदकुमार सिंह चौहान के अधूरे कामों को पूरा किया जाएगा। बुरहानपुर का जिला अस्पताल और खंडवा का मेडिकल कॉलेज उनके नाम से जाना जाएगा।

भाजपा सांसद नंदकुमार सिंह चौहान का मंगलवार सुबह निधन हो गया था। उन्होंने गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में अंतिम सांस ली। कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद उनके फेफड़ों में संक्रमण फैल गया था। इसके बाद उन्हें पांच फरवरी को भोपाल के निजी अस्पताल से एयर एम्बुलेंस के माध्यम दिल्ली ले जाया गया था, जहां मेदांता अस्पताल में उनका उपचार किया जा रहा था। उनकी कोरोना जांच रिपोर्ट निगेटिव भी आ गई थी, लेकिन उनकी तबीयत में सुधार नहीं हो रहा था। मंगलवार देर शाम उनका पार्थिव शरीर भोपाल पहुंचा था। इस दौरान स्टेट हैंगर पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने नंदकुमार सिंह चौहान के पार्थिव शरीर को कांधा दिया। इस अवसर पर मंत्री विश्वास सारंग, तुलसी सिलावट, विधायक अजय विश्नोई समेत कई बीजेपी नेता भी मौजूद रहे। उनका पार्थिव शरीर स्टेट हैंगर से भोपाल स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय अंतिम दर्शन के लिए लाया गया।

नम आँखों से दी श्रद्धांजलि -

इसके बाद देर रात करीब 2.30 बजे भोपाल से उनके पार्थिव शरीर को बुरहानपुर स्थित उनके पैतृक गांव शाहपुर ले जाया गया, जहां बुधवार सुबह से उनके अंतिम दर्शन के लिए भाजपा नेताओं और उनके समर्थकों का तांता लगा रहा। हजारों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और उनके समर्थक शाहपुर पहुंचे और अंतिम दर्शन कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। दोपहर में उनके पैृतक निवास से अंतिम यात्रा निकाली गई, जिसमें मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, केंद्रीय मंत्री थावरचंद गहलोत, केंद्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल, राज्यसभा सदस्य ज्योतिरादित्य सिंधिया, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा, प्रदेश सरकार के 8 मंत्री समेत हजारों की संख्या ने नेता-कार्यकर्ता शामिल हुए। उनके पैतृक गांव में ही उनका अंतिम संस्कार हुआ। इसके साथ ही नंदु भैया पंचतत्व में विलीन हो गए।

खंडवा मेडिकल कालेज का नाम -

अंतिम संस्कार से पहले शाहपुर में श्रद्धांजलि सभा हुई, जिसमें मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने कहा कि खंडवा के मेडिकल और बुरहानपुर के जिला अस्पताल का नाम नंदकुमारसिंह चौहान के नाम पर किया जाएगा। शाहपुर नगर पंचायत का नया भवन बनाकर उनकी भव्य प्रतिमा लगाई जाएगी। गन्ना केंद्र का नाम भी नंदकुमार सिंह चौहान के नाम पर किया जाएगा।

Updated : 12 Oct 2021 10:53 AM GMT
Tags:    
author-thhumb

स्वदेश डेस्क

वेब डेस्क


Next Story
Top