Home > राज्य > मध्यप्रदेश > भोपाल > आंतरिक सर्वे : मप्र चुनाव में भाजपा को 124 सीटों पर जीत का भरोसा

आंतरिक सर्वे : मप्र चुनाव में भाजपा को 124 सीटों पर जीत का भरोसा

आंतरिक सर्वे में परिणामों के पूर्वानुमान में कांग्रेस को दी जा रही 100 सीटें, सपा-बसपा एक-एक, चार पर कांटे की टक्कर

आंतरिक सर्वे : मप्र चुनाव में भाजपा को 124 सीटों पर जीत का भरोसा
X

भोपाल। मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव की मतदान प्रक्रिया पूरी होने के बाद राजनीतिक दल और प्रत्याशी चुनाव परिणाम आने की प्रतीक्षा में हैं, तो वहीं अपनी जीत और सरकार के प्रति आश्वस्त भी हैं। कांग्रेस जहां 130 से अधिक सीटों के साथ सरकार बनाने का दावा कर रही है, वहीं भारतीय जनता पार्टी भी सवा सौ सीटों पर जीत को लेकर पूरी तरह आश्वस्त है। सूत्रों के अनुसार पार्टी के आंतरिक सर्वे में 124 सीटों पर भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी बिना किसी परेशानी के जीत रहे हैं, जबकि 4 सीटों पर टक्कर है। कांग्रेस के सौ प्रत्याशियों को जीता बताया जा रहा है, वहीं एक-एक सीट बसपा और सपा को भी दी जा रही है।

विंध्य: विंध्य की कुल 30 सीटों में से भाजपा को 19 सीटों की जीत का भरोसा है। वहीं विंध्य से कांग्रेस को 11 सीटें दी जा रही हैं। 25 सीटों पर सीधा मुकाबला एवं 5 पर मुकाबला त्रिकोणीय बताया जा रहा है।

महाकौशल: महाकौशल की कुल 38 सीटों में से भाजपा को 19 सीट पर जीत का भरोसा है, जबकि यहां से कांग्रेस को भी 19 सीटें दी जा रही हैं। सभी 38 सीटों पर सीधी टक्कर बताई जा रही है।

भोपाल-नर्मदापुरम : भोपाल और नर्मदापुरम संभाग की कुल 36 सीटों में से भाजपा को 20 सीट पर जीत का भरोसा है। कांग्रेस को इन दोनों संभागों से 15 सीटें दी जा रही हैं। एक सीट भोपाल मध्य पर कड़ा मुकाबला बताया जा रहा है। सभी सीटों पर भाजपा-कांग्रेस के बीच सीधी टक्कर बताई जा रही है।

मालवा-निमाड़: मालवा-निमाड़ की कुल 66 सीटों में से भाजपा को 39 सीटों पर जीत का भरोसा है। जबकि इस क्षेत्र से कांग्रेस को 25 सीटें दी जा रही हैं। दो सीटों धार में और इंदौर-5 में सीधी टक्कर के साथ 66 में से कुल दो सीटों पर मुकाबला त्रिकोणीय बताया जा रहा है।

भाजपा को इन सीटों पर जीत का भरोसा

ग्वालियर-चम्बल: ग्वालियर चम्बल की 34 विधानसभा सीटों में से 15 पर भाजपा, 17 पर कांग्रेस एवं मुरैना की एक मात्र सीट पर त्रिकोणीय मुकाबले में बसपा की जीत का अनुमान है। मुरैना की आठ में से पांच पर त्रिकोणीय मुकाबला और तीन पर सीधी टक्कर मानी जा रही है। दतिया सीट पर इस बार भाजपा और कांग्रेस में कांटे की टक्कर मानी जा रही है।

बुंदेलखंड: बुंदेलखंड की 26 में विधानसभा सीटों में से भाजपा को 12 सीटों के जीतने का पूरा भरोसा है। यहां से भी कांग्रेस को बढ़त के साथ 13 सीटें दी जा रही हैं। निवाड़ी सीट पर सीधी टक्कर में सपा प्रत्याशी को जीत दी जा रही है। 22 पर सीधी टक्कर, 4 पर त्रिकोणीय मुकाबला।

कांग्रेस को 130-140 सीट की जीत का भरोसा

सूत्रों के अनुसार कांग्रेस को मध्य प्रदेश में 130 से लेकर 140 सीटें जीतने का भरोसा है। कांग्रेस का अंदरूनी सर्वे भाजपा को कुल 80-85 सीटें दे रहा है। वहीं बसपा, सपा व अन्य को कुल 8-10 सीटें दी जा रही हैं। कांग्रेस के सर्वे के अनुसार भाजपा की सीटें कम होने पर अन्य की सीटें बढ़ सकती हैं।

Updated : 28 Dec 2023 7:49 AM GMT
Tags:    
author-thhumb

Swadesh News

Swadesh Digital contributor help bring you the latest article around you


Next Story
Top