बिजली बिल नहीं चुकाया तो विभाग की सख्ती, घर के बाहर तैनात किए बंदूकधारी गार्ड

बिजली बिल नहीं चुकाया तो विभाग की सख्ती, घर के बाहर तैनात किए बंदूकधारी गार्ड
X
भोपाल में बिजली कंपनी की सख्ती देखने को मिली है। बड़े बकायादारों का कनेक्शन काटकर घर के बाहर बंदूकधारी गार्ड तैनात किए गए हैं।

भोपाल। राजधानी में बिजली बिल के बकाएदारों पर अब अनोखा और सख्त रुख अपनाया जा रहा है। बड़े बकायादारों के बिजली कनेक्शन काटने के बाद अब उनके घरों के बाहर बंदूकधारी गार्ड तैनात कर दिए जा रहे हैं। ये गार्ड 24 घंटे पहरा दे रहे हैं, ताकि कोई अवैध तरीके से कनेक्शन दोबारा न जोड़ सके। ऐसा ही मामला भानपुर में एक बकाया उपभोक्ता के घर किया। कपनी ने मंगलवार को कनेक्शन विच्छेद करने के बाद बदुंकधारी गार्ड की तैनाती कर दी।

बता दें कि बिजली कंपनी दिन में कनेक्शन विच्छेद की कार्रवाई करती है। लेकिन शाम को यही बकायादार ‘कटिया’ लगाकर कनेक्शन जोड़ लेते हैं। इसे रोकने के लिए विभाग ने घर के ठीक बाहर हथियारबंद सुरक्षा गार्ड तैनात करना शुरू कर दिया है। कंपनी ने गार्डों को साफ निर्देश दिए हैं कि घर में कोई लाइट या बिजली का उपकरण नहीं जलना चाहिए। अगर कोई कोशिश करता है तो तुरंत कार्रवाई करें।

विभाग ने क्यों तैनात किए गार्ड

एक शिकायतकर्ता ने बताया कि मेरा 1 लाख 76 हजार रुपये का बकाया बिल था, चार साल से नहीं भरा। अब कनेक्शन कट गया और घर के बाहर बंदूकधारी गार्ड खड़ा है। ये तरीका कितना सही है, ये तो समय बताएगा। लेकिन शहर के अलग-अलग इलाकों में ये गार्ड तैनात किए गए हैं। विभाग का कहना है कि ये कदम सिर्फ बड़े बकायादारों पर है, जहां बकाया राशि लाखों में है। इसका मकसद बिजली चोरी रोकना और वसूली सुनिश्चित करना है।

बिना कनेक्शन के कर रहे थे बिजली का उपयोग

इस बारे में बिजली कंपनी का कहना है कि इतने सालों तक बगैर कनेक्शन आसपास के लोगों से कनेक्शन लेकर इस्तेमाल किया गया। इसलिए अब परिवार के खिलाफ चालान प्रस्तुत किया गया है। इसके साथ ही बंदूकधारी गार्ड को दरवाजे पर बिठा दिया गया है, ताकि किसी से कोई मदद भी नहीं ले सके।

कांग्रेस नेता शुक्ला ने किया कार्रवाई के विरोध

कांग्रेस नेता मनोज शुक्ला ने बिजली कंपनी के इस कार्रवाई का विरोध किया। शुक्ला भानपुर के अटल नेहरू नगर में रहने वाले हाफिज सईद के परिवार घर पहुंचे। उन्होंने गांधीगिरी करते हुए बंदूक लेकर खड़े हुए गार्ड को फूल माला पहनाकर विरोध स्वरूप उसका स्वागत किया और परिवार की जान बख्शने की भीख मांगी। शुक्ला ने कंपनी के इस रवैए की निंदा करते हुए आरोप लगाया कि गरीब परिवारों के साथ नरेला विधानसभा क्षेत्र में बिजली कंपनी के इंजीनियर प्रतिदिन अमानवीय एवं अशोभनीय व्यवहार कर रहे हैं।

कांग्रेस नेता ने बताया कि उपभोक्ता हाफिज सईद विकलांग है। अपनी विकलांग पत्नी के साथ जिस मकान में रहते हैं। उस मकान के नाम पर बिजली कंपनी ने 1.76 लाख का बिल भेज दिया है। इस परिवार का कहना है कि उनके घर में बिजली मीटर नहीं था। इसके बावजूद बिजली कंपनी उनके खिलाफ लाखों रुपए जमा करने का दबाव बना रही है। गांधी गिरी करने वालों में दीपक दीवान, महेश मेहरा, बाबर ख़ान, युवराज सिंह राय, अलीमुद्दीन बिल्ले, अशरफ खान आदि शामिल है।

Tags

Next Story