Home > राज्य > मध्यप्रदेश > भोपाल > अमित शाह का बालाघाट दौरा रद्द, खराब मौसम के कारण आधे रास्ते से वापस लौटा हेलीकॉप्टर

अमित शाह का बालाघाट दौरा रद्द, खराब मौसम के कारण आधे रास्ते से वापस लौटा हेलीकॉप्टर

अमित शाह का दौरा रद्द होने के बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कार्यक्रम का शुरुआत कर रानी दुर्गावती गौरव यात्रा का शुभारम्भ किया।

अमित शाह का बालाघाट दौरा रद्द, खराब मौसम के कारण आधे रास्ते से वापस लौटा हेलीकॉप्टर
X

भोपाल/वेबडेस्क। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह गुरुवार को बालाघाट में ‘रानी दुर्गावती गौरव यात्रा’ का शुभारंभ करने के लिए आने वाले थे। इसके लिए उनका हेलीकॉप्टर छत्तीसगढ़ के दुर्ग से बालाघाट के लिए उड़ा लेकिन खराब मौसम के कारण हेलीकॉप्टर आधे रास्ते से ही लौट गया। इसके चलते उनका बालाघाट दौरा रद्द हो गया। इसकी जानकारी कार्यक्रम में मौजूद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने दी। इसके बाद मुख्यमंत्री चौहान एवं अन्य अतिथियों की उपस्थिति में कार्यक्रम की शुरुआत हुई।

दरअसल, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का गुरुवार को बालाघाट दौरा प्रस्तावित था। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वे यहां शाम चार बजे पहुंचकर रोड शो के बाद जनसभा को संबोधित करने वाले थे। इसके बाद यहां गृह मंत्री शाह वीरांगना रानी दुर्गावती के बलिदान दिवस पर निकाली जा रही गौरव यात्रा का शुभारंभ भी करने वाले थे। शाह का करीब दो घंटे तक बालाघाट में रहने का कार्यक्रम था। करीब 15 मिनट रोड शो के बाद वे जनसभा को संबोधित करने वाले थे। सभा के बाद शाह का 5.25 बजे सिद्ध प्राचीन हनुमान मंदिर जाने का कार्यक्रम था। इसके बाद शाम 6 बजे हेलीकॉप्टर से नागपुर के लिए रवाना होने वाले थे।

इधर, बालाघाट में दोपहर बाद अचानक मौसम बदल गया। बादल घिर आए और तेज बारिश शुरू हो गई। अमित शाह दोपहर में दुर्ग पहुंचे थे। वे यहां कार्यक्रम के बाद बालाघाट के लिए रवाना भी हुए लेकिन खराब मौसम के कारण उनका हेलीकॉप्टर यहां नहीं पहुंच सका, क्योंकि उन्हें रास्ते से ही लौटना पड़ा। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सभा स्थल पर पहुंचकर लोगों को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का दौरा रद्द होने की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अमित शाह दुर्ग से चले थे। रास्ते में बारिश होने और खराब मौसम के कारण उन्हें बीच से ही लौटना पड़ा और रायपुर की ओर जाना पड़ा। अमित शाह हमारे बीच फिर कभी आएंगे।

रानी दुर्गावती गौरव यात्रा का शुभारम्भ

अमित शाह का दौरा रद्द होने के बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कार्यक्रम का शुरुआत कर रानी दुर्गावती गौरव यात्रा का शुभारम्भ किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि युद्ध के नगाड़े बज गए हैं। उन्होंने कहा कि आज बालाघाट में तूफान आ गया, अमित भाई को लौटना पड़ा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी दुनिया में धूम मचा रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में शक्तिशाली भारत बन रहा है। प्रधानमंत्री कहते हैं कि हम किसी को छेड़ेंगे नहीं अगर किसी ने हमें छेड़ा तो हम छोड़ेंगे नहीं।मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले चीन आंखें दिखाता था लेकिन भारत की सेना ने मुंहतोड़ जवाब दिया। उन्होंने कहा कि रूस-यूक्रेन युद्ध में मोदी ने दोनों देश को कहा था कि हमारे देश के बच्चे जब भारत आने निकलें तो युद्ध नहीं होना चाहिए। देश-दुनिया ने योग किया, नहीं किया तो कांग्रेसियों ने नहीं किया।

Updated : 22 Jun 2023 1:59 PM GMT
Tags:    
author-thhumb

स्वदेश डेस्क

वेब डेस्क


Next Story
Top