उड़ान से पहले ही खराब हुआ एयर इंडिया का विमान, भोपाल से मुंबई जाने वाले यात्री हुए परेशान

भोपाल। राजधानी भोपाल के राजा भोज एयरपोर्ट पर बुधवार सुबह मुम्बई के लिए उड़ान भरने से पहले एयर इंडिया के विमान में खराबी आ गई। तकनीकी अमले ने करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद विमान में सुधार किया और इसके बाद उसे रवाना किया गया। इस दौरान तब जाकर यात्रियों ने राहत की सांस ली।
जानकारी के अनुसार, एयर इंडिया की नियमित फ्लाइट नंबर एआई 634 रोजाना मुम्बई के उड़ान भरकर सुबह 8.00 बजे भोपाल पहुंचती है और यहां से करीब 8.30 बजे वापस मुम्बई के लिए रवाना होती है। बुधवार को विमान से 115 यात्री मुम्बई जा रहे थे, लेकिन टेक ऑफ से पहले ही पायलट को इंजन में कुछ खराबी महसूस हुई। इंजन से अजीब से आवाज आने पर सुरक्षा की दृष्टि से पायलट दल ने विमान को एप्रेन पर ही रोक दिया। इसके बाद कंपनी के इंजीनियरों को बुलाकर सुधार कराया गया। तब तक यात्रियों को सुरक्षा क्षेत्र में ही रुकने को कहा गया। यात्रियों को यहां बैठकर खराबी ठीक होने का इंतजार करना पड़ा। विमान में सुधार होने पर करीब दो घंटे बाद उसे यात्रियों को लेकर मुंबई रवाना किया गया।
