Home > MP Election 2018 > भाजपा करेगी हर दस दिन में एक बड़ा कार्यक्रम

भाजपा करेगी हर दस दिन में एक बड़ा कार्यक्रम

राष्ट्रीय संगठन महामंत्री रामलाल ने प्रदेश पदाधिकारियों के साथ की बैठक, जानी चुनावी तैयारियां

भाजपा करेगी हर दस दिन में एक बड़ा कार्यक्रम
X

भोपाल/स्वदेश वेब डेस्क। भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री रामलाल ने मंगलवार को दिनभर प्रदेश भाजपा कार्यालय में प्रदेश पदाधिकारियों, जिला सहकारी बैंकों के अध्यक्ष, नगर निगम के महापौर सहित अर्थ संग्रह समिति के पदाधिकारियों के साथ बैठक ली और चुनावी तैयारियों को जाना। रामलाल ने बैठक की शुरुआत जिला सहकारी बैंकों के अध्यक्षों के साथ की। उन्होंने बैकों के अध्यक्षों से कहा कि वे सहकारिता क्षेत्र का विस्तार करें और इस दिशा में नई कार्ययोजना बनाएं। उन्होंने कहा कि सहकारिता का क्षेत्र बढ़ाना बेहद जरूरी है। लगातार यह क्षेत्र सिकुड़ता जा रहा है। संगठन महामंत्री रामलाल ने कहा कि सहकारी बैंकों से किसान सीधे तौर पर जुड़े हुए हैं, इसलिए ऐसी व्यवस्थाएं बनाएं कि किसानों को किसी तरह की समस्याओं का सामना नहीं करना पड़े। उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं को भी समय से निपटाएं, ताकि किसानों को किसी प्रकार की समस्याओं का सामना नहीं करना।

बैठक को लेकर भाजपा के प्रदेश महामंत्री बंशीलाल गुर्जर ने बताया कि संगठन महामंत्री रामलाल ने प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक ली। इसमें उन्होंने कार्यकर्ता महाकुंभ की तैयारियों को लेकर पदाधिकारियों से फीडबैक लिया और कहा कि इसमें ज्यादा से ज्यादा कार्यकर्ताओं को बुलाने के प्रयास करें। उन्होंने कहा कि हर बूथ से कम से कम 20 कार्यकर्ता महाकुंभ में आए, ऐसी तैयारियां रखें। महामंत्री बंशीलाल गुर्जर ने बताया कि रामलालजी ने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से राष्ट्रविरोधी एजेंसियों के प्रपंचों से सतर्क रहने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने जब इन एजेंसियों पर नकेल कसी, तो ये बौखला गई हैं और विभिन्न राजनीतिक दलों को आगे रखते हुए कई तरह के षड्यंत्र रचकर राष्ट्र को अस्थिर करने का प्रयास कर रही हैं। बैठक में केंद्रीय मंत्री एवं चुनाव अभियान समिति के प्रमुख नरेंद्र सिंह तोमर, प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष दुष्यंत गौतम, राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. अनिल जैन, राज्यसभा में मुख्य सचेतक नारायण भाई पंचारिया, दिल्ली प्रदेश भाजपा के पूर्व अध्यक्ष सतीश उपाध्याय एवं प्रदेश संगठन महामंत्री सुहास भगत विशेष रूप से उपस्थित थे।

भाजपा को रोकना चाहते हैं राष्ट्रविरोधी

राष्ट्रीय संगठन महामंत्री रामलाल ने प्रदेश पदाधिकारियों, मोर्चा-प्रकोष्ठ पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि चाहे आतंकवादी हों, नक्सलवादी हों, शहरी माओवादी हों अथवा वे संस्थाएं जो भारी भरकम फंड प्राप्त करके राष्ट्रविरोधी काम कर रही हैं, केंद्र की मोदी सरकार द्वारा उनकी नकेल कसे जाने से बौखलाए हुए हैं। ये लोग भारत को कमजोर करने के लिए भाजपा की सरकार बनने से रोकना चाहते हैं और उसके लिए कई तरह के षड्यंत्र कर रहे हैं। बैठक में यह भी बताया गया कि आने वाले दिनों में 5 राज्यों में चुनाव सरकार बनाने जा रहे हैं। मिजोरम जैसे पूर्वांचल के राज्य में हमारी सरकार बनने के पूरे आसार हैं और तेलंगाना में बड़ी विजय के लिए संगठन काम कर रहा है।

मॉनीटरिंग कमेटियां करेंगी निगरानी

प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक में आगामी विधानसभा एवं लोकसभा चुनाव के दृष्टि से विभिन्न कार्यक्रमों पर विचार-विमर्श हुआ। बैठक में जानकारी दी गई कि चुनाव की दृष्टि से प्रांतों में मॉनीटरिंग कमेटियां भी काम करेंगी। कॉल सेंटर, मॉनीटरिंग की जिम्मेदारी केंद्र की ओर से सतीश उपाध्याय संभालेंगे और कार्यक्रमों की समीक्षात्मक जिम्मेदारी अनिल जैन के पास रहेगी। बैठक में प्रदेश पदाधिकारियों ने बताया कि आने वाले दिनों में सप्ताहिक रूप से पार्टी द्वारा आयोजन किए जाएंगे। इसके लिए सभी लोकसभा और विधानसभा क्षेत्रों में प्रभारियों की नियुक्तियों का काम तेजी गति से चल रहा है। बैठक में मीडिया और सोशल मीडिया की दृष्टि से रामलाल और अनिल जैन ने मार्गदर्शन दिया।

कार्यकर्ता महाकुंभ के लिए चलेंगी विशेष ट्रेनें

राष्ट्रीय संगठन महामंत्री रामलाल ने भोपाल में 25 सितम्बर को होने वाले कार्यकर्ता महाकुंभ के बारे में संभाग एवं जिला प्रभारियों से विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने महाकुंभ में बूथ स्तर से आने वाले कार्यकर्ताओं के रूट, वाहन और भोजन तक की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। बैठक में बताया गया कि प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों से विशेष रेलगाडिय़ां कार्यकर्ताओं को लेकर भोपाल आएंगी। इसके अलावा हजारों बसें और हजारों निजी वाहनों से कार्यकर्ता भोपाल पहुंचेंगे। कुछ स्थानों से युवा मोर्चा के कार्यकर्ता मोटरसाइकिल रैली के रूप में महाकुंभ में पहुंचने की योजनाएं बना रहे हैं। बैठक में महाकुंभ स्थल को सांस्कृतिक वैभव प्रदान करने के लिए महिला मोर्चा ने अपनी तैयारियों के बारे में जानकारी दी। यह भी बताया गया कि महाकुंभ में प्रदेश के विभिन्न अंचलों से आने वाले कार्यकर्ता अपनी-अपनी संस्कृति की छटा बिखेरते हुए आयोजन स्थल पर प्रवेश करेंगे।

Updated : 19 Sep 2018 3:05 PM GMT
Tags:    
author-thhumb

Swadesh Digital

स्वदेश वेब डेस्क www.swadeshnews.in


Next Story
Top