Home > देश > भारत जोड़ो यात्रा में युवक ने किया आत्मदाह, कहा - मैं राहुल गांधी के खिलाफ हूँ

भारत जोड़ो यात्रा में युवक ने किया आत्मदाह, कहा - मैं राहुल गांधी के खिलाफ हूँ

भारत जोड़ो यात्रा में युवक ने किया आत्मदाह, कहा - मैं राहुल गांधी के खिलाफ हूँ
X

कोटा। भारत जोड़ो यात्रा कोटा नगर निगम की सीमा में प्रवेश करने के साथ ही गुरुवार सुबह अनंतपुरा फ्लाई ओवर से शुरू हुई। यात्रा के दौरान राजीव गांधी की प्रतिमा के पास यात्रा से नाराज एक युवक ने खुद को आग लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया। जिसके बाद राहुल गांधी सीधा ही आगे के लिए रवाना हो गए।

गांधीनगर में भारत जोड़ो यात्रा के दौरान राजीव गांधी की प्रतिमा के पास राहुल गांधी का भव्य स्वागत करने के लिए कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ जमा थी। इसी दौरान जब पदयात्रा करते हुए राजीव गांधी की प्रतिमा के पास मंच की ओर आगे बढ़ रहे थे, इसी दौरान मंच के पास एक युवक ने अपने कपड़ों में आग लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया। जिसे देख मौके पर अफरा तफरी का माहौल बन गया। मौके पर मौजूद लोगों ने व पुलिसकर्मियों ने तुरंत आग को बुझाया। पुलिस ने युवक को हिरासत में लेते हुए उपचार के लिए उसे निजी अस्पताल पहुंचाया। हंगामे के बाद राहुल गांधी अपने काफिले के साथ राजीव गांधी की प्रतिमा पर बिना माल्यार्पण किए ही आगे के लिए रवाना हो गए। बताया जा रहा है कि आत्मदाह का प्रयास करने वाले युवक का नाम कुलदीप शर्मा है। युवक राहुल गांधी की इस यात्रा से नाखुश था। आत्मदाह के दौरान युवक "मैं राहुल गांधी के खिलाफ हूं" की बात कहता नजर आया।


इससे पहले राहुल गांधी आज सुबह कोचिंग विद्यार्थियों के बीच पहुंचे। अनन्तपुरा से यात्रा शुरू करने के बाद कुछ ही देर में सुबह 7:30 बजे राहुल गांधी एलन साकार कैम्पस के बाहर झालावाड़ रोड पर एकत्रित विद्यर्थियों के बीच पहुंचे। यहां एलन द्वारा हर प्रांत के विद्यार्थियों को एकत्रित किया गया था। उनके हाथों में अपने-अपने राज्यों की तख्तियां थी। करीब 5000 विद्यार्थी सुबह 6 बजे कड़ाके की सर्दी में यहां खड़े हुए थे। राहुल की नजर जैसे ही विद्यार्थियों पर पड़ी, उन्होंने तुरंत स्टूडेंट्स के बीच जाने का इशारा किया और काफिला मुड़ गया।राहुल गांधी ने पहले विद्यार्थियों को कहा-भारत, तो विद्यार्थियों ने कहा-जोड़ो। इसके बाद चार बार राहुल गांधी ने भारत जोड़ो के नारे लगवाए। उन्होंने विद्यार्थियों को भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होने पर धन्यवाद दिया और कहा कि आप सभी इस देश का भविष्य हो, आपके हाथ में यह देश है। आई... लव यू...... यह कहते हुए उन्होंने फ्लाइंग किस किया। जवाब में विद्यार्थियों ने भी जोरदार उत्साह दिखाया और राहुल को धन्यवाद दिया। मंच पर एलन के सीनियर वाइस प्रसीडेंट सी आर चौधरी, कैबिनेट मंत्री शांति धारीवाल भी मौजूद रहे।

Updated : 11 Dec 2022 5:11 PM GMT
Tags:    
author-thhumb

स्वदेश डेस्क

वेब डेस्क


Next Story
Top