Home > Lead Story > उत्तरप्रदेश, उत्तराखंड, गोवा, मणिपुर में भाजपा जीती, पंजाब में आप को मिला बहुमत

उत्तरप्रदेश, उत्तराखंड, गोवा, मणिपुर में भाजपा जीती, पंजाब में आप को मिला बहुमत

उत्तरप्रदेश, उत्तराखंड, गोवा, मणिपुर में भाजपा जीती, पंजाब में आप को मिला बहुमत
X

लखनऊ/वेब डेस्क। उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, मणिपुर और गोवा विधानसभा चुनाव परिणामों के लिए चल रही मतगणना में शुरुआती गिनती में जो रुझान सामने आ रहे हैं, उसमें भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) चार राज्यों में और आम आदमी पार्टी (आप) पंजाब में आगे चल रही है। वहीं, कई दलों के दिग्गज नेता अबतक के रुझान में पीछे चल रहे हैं।



उत्तर प्रदेश से आ रहे रुझानों के मुताबिक, सूबे की 403 सीटों में से 266 सीटों पर भाजपा आगे चल रही है। जबकि समाजवादी पार्टी125, बहुजन समाज पार्टी (बसपा) 5, कांग्रेस 3 और अन्य दो सीटों पर आगे हैं।उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर शहर, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य सिराथु और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव करहल विधानसभा क्षेत्र से आगे चल रहे हैं।

उत्तराखंड में भाजपा आगे -

उत्तराखंड में अबतक के रुझानों में भाजपा सत्ता में वापसी करती नजर आ रही है। वह राज्य की 70 सीटों में से 44 पर बढ़त बनाये हुये है। 22 सीटों पर कांग्रेस आगे चल रही है। हालांकि, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी स्वयं खटीमा सीट से पीछे चल रहे हैं।

गोवा और मणिपुर में भाजपा की वापसी -

गोवा और मणिपुर में भी कांग्रेस शुरुआती रुझान में काफी पीछे दिख रही है। गोवा में 11 सीटों पर कांग्रेस के उम्मीदवार आगे है जबकि भाजपा 18 सीटों पर लगातार बढ़त बनाए हुए है । वहीं मणिपुर में कांग्रेस सात सीटों पर आगे है जबकि भाजपा 31 सीटों पर आगे चल रही है ।

पंजाब में आप को बहुमत -

पंजाब में चल रही मतगणना के दौरान अब तक के रूझान के अनुसार पंजाब में आम आदमी पार्टी को बहुमत मिलता दिख रहा है। आप 90 सीटों पर आगे चल रही है, वहीँ कांग्रेस 18, भाजपा 3 और शिरोमणि अकाली दल 6 सीटों पर आगे चल रही है। पंजाब के मुख्यमंत्री चरनजीत सिंह चन्नी दोनों सीटों चमकौर साहिब और भदौर से पीछे चल रहे हैं। पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू, शिरोमणि अकाली दल के शीर्ष नेता प्रकाश सिंह बादल, सुखबीर सिंह बादल, उत्तराखंड में कांग्रेस से शीर्ष नेता हरीश रावत भी अपनी-अपनी सीटों से पीछे चल रहे हैं।

Updated : 15 March 2022 10:14 AM GMT
Tags:    
author-thhumb

स्वदेश डेस्क

वेब डेस्क


Next Story
Top