Home > Lead Story > योगी आदित्यनाथ सत्ता में लौटने वाले 37 साल में पहले मुख्यमंत्री, भाजपा गठबंधन को मिली 273 सीटें

योगी आदित्यनाथ सत्ता में लौटने वाले 37 साल में पहले मुख्यमंत्री, भाजपा गठबंधन को मिली 273 सीटें

योगी आदित्यनाथ सत्ता में लौटने वाले 37 साल में पहले मुख्यमंत्री,  भाजपा गठबंधन को मिली 273 सीटें
X

लखनऊ। उत्तर प्रदेश, गोवा, उत्तराखंड और मणिपुर के मतदाताओं ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के शीर्ष नेतृत्व और विकास के मॉडल पर एक बार फिर भरोसा जताया है। वहीं पंजाब में कांग्रेस को हराकर आम आदमी पार्टी (आप) ने बाजी मारी है। उत्तर प्रदेश में भाजपा ने ताजा रुझानों में 270 का आंकड़ा पार कर लिया है। उत्तराखंड में भी भाजपा ने 47 सीटों पर जीत दर्ज कर ली है। गोवा में भाजपा ने 20 सीटें जीती हैं। मणिपुर में भी वह कुल 60 सीटों में से 32 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी। आप ने पंजाब में 92 सीटें जीतकर शानदार जीत दर्ज की है।

आबादी के लिहाज से देश के सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी को स्पष्ट बहुमत मिला है। हालांकि उसकी सीटों में पिछली बार के मुकाबले कमी आई है। उत्तर प्रदेश में भाजपा ने अब तक 403 में से 251 विधानसभा सीटों पर जीत दर्ज कर ली है और 3 सीटों पर आगे चल रही है। उनके सहयोगी अपना दल (सोनेलाल) ने 12 सीटें जीत ली हैं और निर्बल इंडियन शोषित हमारा आम दल ने छह सीटें जीत ली हैं। वहीं मुख्य विपक्षी समाजवादी पार्टी ने 105 सीटें जीत ली हैं और 7 सीटों पर आगे चल रही है। उनके सहयोगी राष्ट्रीय लोकदल ने 8 और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी ने 6 सीटें जीत ली हैं। जबकि कांग्रेस के खाते में दो सीटें गई हैं।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ राज्य में लगातार दूसरी बार पद पर बने रहने वाले पहले भाजपा के मुख्यमंत्री हैं। योगी 37 साल में पहले ऐसे मुख्यमंत्री भी हैं जो लगातार दूसरी बार जीते हैं और अपना पद बरकरार रखा है। नोएडा से भाजपा के पंकज सिंह ने रिकॉर्ड 01 लाख 79 हजार से भी अधिक मतों से जीत हासिल की है। वहीं उत्तर प्रदेश में भाजपा छोड़कर सपा में गये स्वामी प्रसाद मौर्य अपनी सीट हार गये हैं।उत्तर प्रदेश की राजनीति में बड़ा रसूख रखे वाले कई चेहरों को इस बार हार नसीब हुई है। इसमें पहला नाम प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या का आता है। सिराथू से चुनाव लड़ते हुए सपा की पल्लवी पटेल ने उन्हें शिकस्त दी है। वहीं सरदना से भाजपा के संगीत सोम और कुशीनगर की फाजिलनगर सीट से स्वामी प्रसाद मौर्य हार गए हैं। यूपी कांग्रेस के अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू कुशीनगर स्थित तमकुहीराज सीट से चुनाव हार गए।

वहीं, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ गोरखपुर सदर से चुनावी मैदान में ताल ठोकने वाले आजाद समाज पार्टी के मुखिया चंद्रशेखर आजाद की जमानत जब्त हो गई। राष्ट्रीय लोकदल के नेता अवतार सिंह भड़ाना भी अपना चुनाव हार गए। जबकि जौनपुर की मल्हनी सीट से पूर्व सांसद धनंजय सिंह को भी हार नसीब हुई।


Updated : 15 March 2022 10:11 AM GMT
Tags:    
author-thhumb

स्वदेश डेस्क

वेब डेस्क


Next Story
Top