NRC in Jharkhand: केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान का बड़ा बयान - सरकार बनने पर लागू करेंगे NRC

NRC in Jharkhand
NRC in Jharkhand : रांची। झारखंड में अगर भारतीय जनता पार्टी सरकार बनाती है तो पूरे प्रदेश में एनआरसी लागू की जाएगी। यह घोषणा केंद्रीय मंत्री और झारखंड में भाजपा की ओर से चुनाव प्रभारी शिवराज सिंह चौहान द्वारा की गई है। शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, "यह सत्ता की लड़ाई नहीं है यह झारखंड की लड़ाई है।" आगामी चुनाव में बीजेपी ने झारखंड की डेमोग्राफी को बड़ा मुद्दा बनाया है। एनआरसी को लागू किए जाने की बात बीजेपी के मेनिफेस्टो में भी शामिल की जाएगी। इसका संकेत भी शिवराज सिंह चौहान ने दिया है।
झारखंड में भाजपा के चुनावी घोषणापत्र पर केंद्रीय मंत्री और झारखंड विधानसभा चुनाव के प्रभारी शिवराज सिंह चौहान ने कहा, "भाजपा अपना चुनावी घोषणापत्र जारी करने जा रही है। यह चुनाव सिर्फ किसी को सीएम बनाने या सत्तासीन करने का नहीं है, बल्कि झारखंड को बचाने का है। हम रोटी, माटी और बेटी की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध हैं। बांग्लादेश से आए घुसपैठियों के कारण इस क्षेत्र की जनसांख्यिकी तेजी से बदल रही है। पहले संथाल क्षेत्र में आदिवासियों की आबादी 44% से अधिक थी। अब यह घटकर 28% रह गई है...आबादी इन घुसपैठियों से बुरी तरह प्रभावित है...हेमंत सोरेन सरकार वोट बैंक की राजनीति के लिए घुसपैठियों का पक्ष ले रही है...हम झारखंड में एनआरसी लागू करेंगे।"
बता दें कि, झारखंड में इस साल के अंत तक चुनाव हो सकते हैं। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान को चुनाव प्रभारी बनाया गया है। भाजपा ने झारखंड में बदलती डेमोग्रेफी को चुनावी मुद्दा बनाकर हेमंत सोरेन सरकार को घेरने की कोशिश की है। इस मसले पर हेमंत सोरेन सरकार का कहना है कि, बीजेपी आदिवासी जनजाति को बांटने की कोशिश कर कर रही है।
