Home > Lead Story > संघ मुख्यालय जैश-ए-मोहम्मद के निशाने पर, सुरक्षा बढ़ाई गई, UAPA के तहत केस दर्ज

संघ मुख्यालय जैश-ए-मोहम्मद के निशाने पर, सुरक्षा बढ़ाई गई, UAPA के तहत केस दर्ज

संघ मुख्यालय जैश-ए-मोहम्मद के निशाने पर, सुरक्षा बढ़ाई गई, UAPA के तहत केस दर्ज
X

नई दिल्ली। नागपुर के महल इलाके में स्थित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के केंद्रीय मुख्यालय और रेशमबाग स्थित डॉ. हेडगेवार स्मृति मंदिर की पाकिस्तानी आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के रेकी करने का मामला सामने आया है। इसके बाद संघ मुख्यालय की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। वहीं क्राइम ब्रांच ने गैरकानूनी गतिविधियां रोकथाम अधिनियम (यूएपीए) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार जैश-ए-मोहम्मद के आतंकियों ने नागपुर के महल स्थित संघ मुख्यालय और रेशमबाग़ स्थित हेडगेवार स्मृति मंदिर परिसर की रेकी की है। ये आतंकी एक महीने पहले श्रीनगर से नागपुर आये थे। यह दहशतगर्द कुछ दिनों तक नागपुर में रुके भी थे। इस बारे में सूचना मिलते ही नागपुर पुलिस की क्राइम ब्रांच ने यूएपीए के तहत मामल दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कश्मीर घाटी में हाल में पकडे़ गए जैश के आतंकी से इस रेकी के बारे में सुरक्षा एजेंसियों को जानकारी मिली। इसके बाद नागपुर पुलिस की एक टीम श्रीनगर के लिए रवाना हो गई है।

नागपुर के पुलिस आयुक्त अमितेश कुमार ने बताया कि कुछ दिनों पूर्व, जैश-ए-मोहम्मद के आतंकी नागपुर आए थे। उन्होंने नागपुर स्थित संवेदनशील ठिकानों की रेकी की, साथ ही कई भवनों की फोटो भी खिंची। यह जानकारी मिलने के बाद ऐसे संवेदनशील ठिकानों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। मामला संवेदनशील होने की वजह से पुलिस आयुक्त ने अधिक जानकारी देने से इनकार कर दिया। नागपुर स्थित संघ का केंद्रीय मुख्यालय हमेशा से आतंकियों की हिट लिस्ट में रहा है। इससे पूर्व एक जून 2006 को तड़के 4 बजे अम्बेसडर कार से आए तीन आतंकियों ने मुख्यालय पर धावा बोला था, लेकिन नागपुर पुलिस ने इस हमले को नाकाम कर तीनों आतंकियों को मार गिराया था। मारे गए आतंकियों के पास से तीन एके-56 राइफल, 5.6 किलोग्राम आरडीएक्स, 14 हैंडग्रेनेड और 120 राउंड गोलियां बरामद किए गए थे।

Updated : 11 Jan 2022 5:32 AM GMT
Tags:    
author-thhumb

स्वदेश डेस्क

वेब डेस्क


Next Story
Top