पहलगाम हमले पर भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री ने कहा: कुछ दिन बाद आप खुद कहेंगे, जो देश चाहता है, वह हो गया

भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री श्री शिव प्रकाश ने कहा कि बीते दिनों पहलगाम में जो कायराना हमला हुआ, वह बहुत निंदनीय है। लेकिन कुछ दिन बाद आप खुद कहेंगे कि जो देश चाहता है, वह हो गया। उन्होंने यह बात पार्टी के वरिष्ठ नेता स्वर्गीय विजेश लूनावत की स्मृति में आयोजित चतुर्थ पुण्य स्मरण कार्यक्रम में कही।
सोमवार को विजेश लूनावत स्मृति फाउंडेशन द्वारा एनआईटीटीआर ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि जाति, धर्म के आधार पर भारत को दबाने के लिए कई संस्थाएं लगी हैं। पूतना बनकर यह संस्थाएं भारत की राष्ट्रीयता की धारा को कुचलने का कार्य कर रही हैं। नक्सल अर्बन हो या और कोई रूप आए दिन समाज के सामने यह बेनकाब होते हैं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी अंग्रेजों की तरह बांटो और राज करो की नीति पर अभी भी चल रही है। वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में विपक्षी दल समाज में एक नैरेटिव बनाने में कुछ हद तक सफल रहे कि भाजपा सत्ता में आई तो आरक्षण समाप्त हो जाएगा, भाजपा संविधान बदल देगी। यह देश को समाज व जातियों में बांटने की कांग्रेस पार्टी और विपक्षी दलों की चाल थी। भाजपा बाबा साहब के संविधान को मानती है, इसलिए हम अम्बेडकरवादी हैं। प्रधानमंत्री जी संविधान की रक्षा के लिए कार्य कर रहे हैं।
कम्युनिष्ट ने पश्चिम बंगाल में 34 वर्ष शासन यह कहकर किया कि हम गरीबों का उत्थान करेंगे। कम्युनिष्ट के 34 वर्ष के शासन और अब टीएमसी के शासनकाल में भी बंगाल गरीबी से मुक्त नहीं हुआ। आज भी देश का पहला राज्य पश्चिम बंगाल है, जहां लोग नंगे पैर राजनीतिक दलों की रैलियों में आते हैं।
नक्सिलयों को बातचीत से पहले हथियार छोड़ना होगा
देश को बांटने वाली ताकतें अलग-अलग राजनीतिक दलों, संस्थाओं के रूप में कार्य कर रही हैं। 31 मार्च 2026 तक देश के अंदर से नक्सलवाद को पूरी तरह से समाप्त कर दिया जाएगा। छत्तीसगढ़ और पड़ोसी राज्य की सीमा पर अधिकांश नक्सली एक साथ घिरे हुए हैं। वार्ता का पत्र भेज रहे हैं, लेकिन भाजपा ने स्पष्ट कर दिया है कि हथियार के साथ बातचीत नहीं होगी। बातचीत से पहले हथियार छोड़ना होगा।
