Home > Lead Story > सेनापति के बिना मैदान में खड़ी है विपक्षी सेना: शिवराज सिंह चौहान

सेनापति के बिना मैदान में खड़ी है विपक्षी सेना: शिवराज सिंह चौहान

- भाजपा युवा मोर्चा ने मोदी को दोबारा प्रधानमंत्री बनाने का लिया संकल्प

सेनापति के बिना मैदान में खड़ी है विपक्षी सेना: शिवराज सिंह चौहान
X

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रविवार को रामलीला मैदान में भाजपा युवा मोर्चा को नरेन्द्र मोदी को दोबारा प्रधानमंत्री बनाने का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि 2019 का चुनाव केवल एक व्यक्ति को प्रधानमंत्री बनाने का नहीं बल्कि भारत के मान और सम्मान का चुनाव है। साथ ही उन्होंने महागठबंधन पर कटाक्ष करते हुए कहा कि विपक्षी सेना बिना सेनापति के मैदान में खड़ी है।

मध्य प्रदेश के तीन बार मुख्यमंत्री रहे शिवराज सिंह चौहान ने भाजपा युवा मोर्चा की 'युवा विजय संकल्प महारैली' में केंद्र की भाजपा सरकार के खिलाफ लामबंद हुए कांग्रेस सहित 22 दलों पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सामने वाली सेना में सेनापति का पता नहीं, बारात तैयार है लेकिन घोड़ी पर बैठे कौन इसका कोई ठिकाना नहीं। बिना दुल्हा की घोड़ी कितनी आगे जाएगी। अगर चार-छह बैठ गए तो घोड़ी दुल्हन के पास पहुंचेगी भी या नहीं, कोई ठिकाना नहीं।

शिवराज ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी का नाम लिए बिना कहा कि चौकीदार को चोर कहने वालों दुनिया को पता है कि चोर कौन है। उन्होंने सवालिया लहजे में कहा कि अपने-अपने राज्यों में भ्रष्टाचार का रिकॉर्ड बनाने वाले यह दल मोदी का मुकाबला कैसे कर सकते हैं।

दिल्ली में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी(आप) पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि कोलकाता के ब्रिगेड मैदान में आयोजित विपक्षी दलों की रैली में अरविंद केजरीवाल भी मौजूद थे, जो कभी पानी पी-पीकर कांग्रेस को कोसते थे।

चौहान ने कहा कि ये लोग भाजपा और मोदी नुमा बाढ़ में बह जाने के डर से एकजुट हुए हैं। उन्होंने कहा कि भले ही यह लोग आपस में हाथ मिला रहे हों लेकिन इनके दिल नहीं मिल पाएंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस वाले अबकी बार राहुल सरकार, बंगाल वाले ममता सरकार और उत्तर प्रदेश वाले अबकी बार माया सरकार का नारा बुलंद कर रहे हैं। उन्होंने युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं को अगले चार माह तक पूरा समय पार्टी को देकर दिल्ली की सातों लोकसभा सीटें जिताने का संकल्प दिलाया।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी ने युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं से केंद्र सरकार की योजनाओं का भली भांति अध्ययन कर जनता के बीच जाने का आह्वान किया। उन्होंने गुजरात में सरदार वल्लभ भाई पटेल की विशाल प्रतिमा 'स्टेच्यू ऑफ यूनिटी' का जिक्र करते हुए कहा कि वहां बने बांध से दो हजार मेगावाट बिजली पैदा हो रही है, जिससे हजारों गांवों को बिजली मिलनी शुरू हो गई है। युवा मोर्चा के लोग इसका अध्ययन कर दिल्ली में घर-घर जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि हम विपक्ष के सवालों का जवाब ढूंढे और धरातल पर लोगों के बीच जाएं। (हि.स.)

Updated : 14 Feb 2019 9:19 AM GMT
Tags:    
author-thhumb

Swadesh Digital

स्वदेश वेब डेस्क www.swadeshnews.in


Next Story
Top