Home > Lead Story > सिंधिया ने छत्तीसगढ़ सरकार को घेरा, कहा- राशन वितरण प्रणाली में है भ्रष्टाचार

सिंधिया ने छत्तीसगढ़ सरकार को घेरा, कहा- राशन वितरण प्रणाली में है भ्रष्टाचार

सिंधिया ने छत्तीसगढ़ सरकार को घेरा, कहा-  राशन वितरण प्रणाली में है भ्रष्टाचार
X

रायपुर। केंद्रीय विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने शनिवार को राज्य की सत्तारूढ़ कांग्रेस पर निशाना साधा। भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में उन्होंने छत्तीसगढ़ की राशन वितरण प्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि इस प्रणाली में भ्रष्टाचार है। छत्तीसगढ़ के गरीब का अन्न छीना जाता है। उन्होंने कहा कि पहले की सरकारें जल को जीवन केवल कहती थीं। मोदी सरकार ने इस पर कार्य करके दिखाया है। पहले केवल टोटी होती थी, पानी नहीं होता था। अब टोटी और पानी दोनों होता है। उन्होंने जल जीवन मिशन की विशेषता भी इस दौरान बताई। उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य अंत्योदय है। हम चाहते हैं कि आखिरी व्यक्ति तक लाभ पहुंचे।

ज्योतिरादित्य सिंधिया से जब मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बयान को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि ''मेरा नाम आते ही भूपेश बघेल एक्साइटेड हो जाते हैं. वो कह रहे हैं कि एयर इंडिया पर सवाल खड़े कर रहे हैं, लेकिन मैं उनको बताना चाहता हूं कि कांग्रेस की सरकार में एयर इंडिया लगातार घाटे में गई. एयर इंडिया को 82 हजार करोड़ का घाटा हुआ. 62 हजार के कर्ज में एयर इंडिया रही. लेकिन मोदी सरकार में फिर से एयर इंडिया सशक्त होगा. वहीं अम्बिकापुर को लेकर उन्होंने कहा कि अम्बिकापुर एयरपोर्ट के लिए अभी लाइसेंस की प्रक्रिया पूरी नहीं हुई है.''

सिंधिया ने कहा कि यहां आकर पुरानी यादें ताजा हो रही हैं। छत्तीसगढ़ के साथ उनका पारिवारिक संबंध रहा है। छत्तीसगढ़ राज्य भारत का चमकता हुआ सितारा है। इस राज्य के कोने-कोने में उनकी दादी, उनके पिता का प्रवास हुआ है। वह भी कई बार आए हैं। उन्होंने मोदी सरकार की योजनाओं की इस दौरान खूब तारीफ की।

विश्व में भी शक्ति बनकर भारत उभरा-

उन्होंने कहा कि किसी भी देश में बजट और उसकी विचारधारा उसकी दशा और दिशा तय करती है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारत में सशक्त नेतृत्व तो किया ही, विश्व में भी एक शक्ति बनकर भारत उभरा है। इस कोरोनाकाल में भारत ने विश्व में मिसाल कायम की है। कोरोना की तमाम चुनौतियां के बीच मोदी सरकार ने आर्थिक मॉडल तैयार किया। मोदी सरकार की आर्थिक नीति आज विश्वव्यापक हो चुकी है। उन्होंने कहा कि देश के किसान-नौजवान-महिलाओं के लिए राशि आरक्षित की गई है।

हम नए भारत का निर्माण -

केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने कहा कि भारत की निर्यात क्षमता 2014 में 2 लाख करोड़ की थी, आज 2022 में 4 लाख करोड़ की हो गई है। घरेलू उत्पादन दर 2014 में 99 लाख करोड़ थी, आज 2022 में 150 लाख करोड़ हो गई है। वह भी तब जब 2 साल हमने कोरोना की मार झेली है। उन्होंने कहा कि वह दिन दूर नहीं जब डबल डिजिट की उपलब्धि हम हासिल करेंगे। हम नए भारत का निर्माण करने जा रहे हैं। सिंधिया ने कहा कि यह सरकार प्रोएक्टिव सरकार, रिएक्टिव सरकार नहीं और प्रोगेसिव सरकार और प्रोपब्लिक सरकार जनता के लिए समर्पित सरकार है। सिंधिया ने कहा कि लॉक डाउन के समय 1 लाख 70 हजार करोड़ गरीबों की मदद के लिए हमने राशि जारी की। उन्होंने कहा कि दुख है कि छत्तीसगढ़ में गरीबों के लिए दिया गया राशन कोई और खा गया।

खाद की कालाबाजारी समाप्त की-

सिंधिया ने कहा कि मोदी सरकार ने जो किया वह किसी सरकार ने नहीं किया। सरकार ने घर-घर साफ पानी पहुंचाने का काम किया। जल-जीवन मिशन के लिए 1 लाख करोड़ रुपये जारी हुआ। इसी तरह से किसानों के लिए भी मोदी सरकार ने काफी कुछ किया है। समर्थन मूल्य में रिकार्ड खरीदी गई। 150 लाख करोड़ की राशि धान खरीद के लिए रखी गई। खाद की कालाबाजारी को समाप्त किया गया। फर्टिलाइजर की सब्सिडी में 33 प्रतिशत की वृद्धि एक साल में की गई है। उन्होंने कहा कि किसानों के लिए ड्रोन पॉलिसी की शुरुआत की गई है। प्राकृतिक और जैविक खेती को बढ़ावा देने का इस बजट में किया गया है। एक कॉरिडोर किसानों के लिए बनाया गया। एक समय टीका आयात करना पड़ता था, भारत एक नहीं दो-दो वैक्सीन निर्यात कर रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व की वजह से देश ने कोरोना में विश्वव्यापी विजय हासिल की है।

संवाददाता सम्मेलन में केंद्रीय मंत्री रेणुका सिंह, पूर्व मुख्यमंत्री डॉक्टर रमन सिंह, नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक, विधायक बृजमोहन अग्रवाल, विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल, भाजयुमो अध्यक्ष अमित साहू आदि उपस्थित रहे।

Updated : 23 Feb 2022 2:09 PM GMT
Tags:    
author-thhumb

स्वदेश डेस्क

वेब डेस्क


Next Story
Top